Home » Uncategorized » दून के विधायक ने शलगा में 20 लाख से पुनर्निर्मित स्कूल भवन का किया उद्घाटन, आपदा प्रभावितों को राहत का दिया भरोसा…

दून के विधायक ने शलगा में 20 लाख से पुनर्निर्मित स्कूल भवन का किया उद्घाटन, आपदा प्रभावितों को राहत का दिया भरोसा…

कसौली : दून क्षेत्र के विधायक रामकुमार चौधरी ने ग्राम पंचायत पट्टा नाली के गांव शलगा में 2023 की आपदा में क्षतिग्रस्त हुए राजकीय प्राथमिक विद्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण व राशन डिपो का शुभारंभ किया। वहीं विधायक ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि आपदा के कठिन समय में प्रदेश सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता दी, जिसके परिणामस्वरूप आज शलगा गांव में विद्यालय भवन का पुनर्निर्माण संभव हो पाया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में प्रभावी कार्य कर रही है। आपदा के दौरान प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री, आर्थिक सहायता तथा पुनर्वास सुविधाएं समय पर उपलब्ध करवाई गई हैं। साथ ही क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे जैसे सड़कों विद्यालयों और पेयजल योजनाओं को शीघ्र बहाल करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य किए जा रहे हैं। रामकुमार चौधरी ने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र में पिछले 3 वर्षों में लगभग 600 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए जा चुके हैं। जबकि उक्त स्कूल भवन पर 20 लाख रु की राशि खर्च हुई है। विधायक ने सड़कों का सुदृढ़ीकरण, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, शिक्षा संस्थानों का उन्नयन तथा पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास शामिल हैं। इसके अतिरिक्त कई अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाएं वर्तमान में प्रगति पर हैं, जो क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा प्रदान करेंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रत्येक क्षेत्र का संतुलित एवं समावेशी विकास सुनिश्चित करना है, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं उनके घर-द्वार पर उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक सुधार कर रही है। प्रदेश में पहली कक्षा से ही अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा प्रारंभ की गई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी आधुनिक एवं प्रतिस्पर्धी शिक्षा का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र में तीन विद्यालयों को सीबीएसई पैटर्न पर संचालित किया जा रहा है। जिससे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में अन्य विद्यालयों को भी प्राथमिकता के आधार पर सीबीएसई पैटर्न में शामिल किया जाएगा, ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर उन्होंने राजकीय प्राथमिक विद्यालय शलगा के खेल मैदान के विस्तारीकरण का आश्वासन दिया। तदोपरांत विधायक द्वारा शलगा गांव में छींज मेले का भी शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी बद्दी संजीव धीमान, खंड विकास अधिकारी पट्टा कुलदीप सिंह, ग्राम पंचायत पट्टा नाली पूर्व प्रधान हेमचंद कश्यप, पूर्व वार्ड पंच लता तंवर,पूर्व वार्ड पंच, भूप सिंह, घनश्याम कंवर, पूर्व प्रधान सतकौर कश्यप, नंबरदार विनोद कश्यप, एसएमसी अध्यक्ष राजेंद्र कुमार विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी तथा ग्रामीण जन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Gallery not found12