लाइव हिमाचल/कसौली: मशहूर पर्यटन स्थल कसौली छावनी स्थित हेरिटेज मार्केट में रविवार रात भीषण आग लग गई। इस दौरान चार रेस्टोरेंट, एक मेडिकल और तीन गिफ्ट आईटम शॉप समेत कुल आठ दुकानें जलकर राख हो गई। आग पर करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया जा सका। आग लगने की शुरुआत एक रेस्टोरेंट से हुई बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि ऑग शॉर्ट सर्किट से फैली है। रेस्टोरेंट में रखे गैस सिलेंडरों में धमाके होने लगे। मौके पर 10 से 12 सिलेंडर फटने से आग ने तेजी से विकराल रूप धारण किया और आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग रात करीब 3 बजे लगी, जिसे सबसे पहले एक स्थानीय युवक ने देखा और तुरंत अन्य लोगों को इसकी सूचना दी। इसके बाद दमकल विभाग, आर्मी और एयरफोर्स की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए 7 से 8 दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने में जुटे। बताया जा रहा है कि आग में जली दुकानें करीब 100 साल पुरानी हेरिटेज मार्केट का हिस्सा थीं, जिससे क्षेत्र को ऐतिहासिक क्षति भी पहुंची है। इस अग्निकांड में करोड़ों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन नुकसान के आंकलन में जुटा हुआ है। वहीं स्थानीय लोगों ने फायर सिस्टम को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि फायर लाइन समय पर नहीं खुली जिससे आग पर काबू पाने में देरी हुई और नुकसान अधिक बढ़ गया। लोगों के अनुसार, करीब 2 से 3 घंटे बाद पानी की आपूर्ति शुरू हुई, जिसके बाद ही आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका।





