. सीमेंट-सरीया महंगा, सरकार खामोश, ‘जनता रोए, कांग्रेस सोए’ की नीति पर चल रही सरकार
लाइव हिमाचल/सोलन : भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री डॉ. राजीव सहजल ने प्रदेश में लगातार बढ़ रही निर्माण सामग्री की कीमतों को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आज “महंगाई ही कांग्रेस सरकार की सबसे बड़ी पहचान बन चुकी है” और आम आदमी का घर बनाना अब एक सपना बनकर रह गया है। डॉ. सैजल ने कहा कि हाल ही में सीमेंट के दामों में प्रति बैग ₹15 तक की बढ़ोतरी और सरीये के दामों में 20 दिनों के भीतर ₹1000 प्रति क्विंटल तक उछाल ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। “जो व्यक्ति अपने जीवनभर की बचत से घर बनाने का सपना देखता है, कांग्रेस सरकार ने उस सपने को महंगाई के बोझ तले कुचल दिया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा “कांग्रेस सरकार का मॉडल साफ है ‘टैक्स बढ़ाओ, कीमतें बढ़ाओ और जनता को तड़पाओ” डॉ. सैजल ने कहा कि प्रदेश में पहले ही स्टांप ड्यूटी, बिजली, पानी और परिवहन के खर्च बढ़ चुके हैं, और अब निर्माण सामग्री की महंगाई ने आम आदमी के लिए जीवन और भी कठिन बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई को नियंत्रित करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है और माफिया व बिचौलियों को खुली छूट दे रखी है।
एक तरफ विकास के दावे, दूसरी तरफ महंगाई की मार—यही कांग्रेस सरकार का असली चेहरा है,” उन्होंने राजनीतिक पंच करते हुए कहा। डॉ. सैजल ने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को जनता के बीच मजबूती से उठाएगी और कांग्रेस सरकार की “जनविरोधी नीतियों” का हर स्तर पर विरोध करेगी।




