शिमला: भाजपा मीडिया प्रभारी एवं प्रवक्ता तथा विधायक रणधीर शर्मा ने आज आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है और ईमानदारी का ढोंग कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है। रणधीर शर्मा ने कहा कि सोलन के चेस्टर हिल भूमि प्रकरण ने प्रदेश में प्रशासनिक तंत्र की साख पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस प्रकार कार्यवाहक मुख्य सचिव को स्वयं प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने ऊपर लगे आरोपों का बचाव करना पड़ा, वह प्रदेश के इतिहास में अभूतपूर्व है। जहां सफाई देने अधिकारी खुद सामने आएं और सरकार मौन रहे, वहां दाल में नहीं, पूरी दाल ही काली है।
रणधीर शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार का बजट पूरी तरह दिशाहीन है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर हिमाचल का नारा सिर्फ कागजों तक सीमित है, हकीकत में प्रदेश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है।
हाईकोर्ट के सिंगल जज से जांच की मांग
रणधीर शर्मा ने मांग की कि चेस्टर हिल सहित सभी भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच हाईकोर्ट के सिंगल जज से करवाई जाए ताकि ‘दूध का दूध और पानी का पानी’ हो सके।





