शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के लिए ड्रेस कोड और सोशल मीडिया इस्तेमाल को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं. कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सभी सरकारी कर्मचारी कार्यालय में मर्यादित, साफ-सुथरे और औपचारिक कपड़ों में ही उपस्थित हों. आदेश के अनुसार, पुरुष कर्मचारियों को शर्ट-पैंट या ट्राउजर, कॉलर वाली शर्ट के साथ जूते या सैंडल पहनना अनिवार्य होगा. महिला कर्मचारियों के लिए साड़ी, फॉर्मल सूट, सलवार/चूड़ीदार/कुर्ता-दुपट्टा या ट्राउजर-शर्ट निर्धारित किया गया है. कार्यालय में जींस और टी-शर्ट पहनने पर रोक लगाई गई है.

सरकार का कहना है कि इससे कार्यस्थल पर शालीनता, अनुशासन और प्रोफेशनल माहौल बना रहेगा. साथ ही कर्मचारियों को व्यक्तिगत साफ-सफाई और ग्रूमिंग पर भी ध्यान देने को कहा गया है. आदेश में सोशल मीडिया को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं. कर्मचारी अपने निजी अकाउंट से सरकार की नीतियों पर अनधिकृत टिप्पणी नहीं कर सकेंगे. कोई भी ऐसा बयान या पोस्ट जो सरकार की आलोचना करे या सरकारी छवि को नुकसान पहुंचाए, उस पर कार्रवाई हो सकती है. आधिकारिक दस्तावेजों को साझा करना भी नियमों के खिलाफ माना गया है. सरकार ने स्पष्ट किया है कि सेवा आचरण नियमों के तहत अनुचित व्यवहार या सोशल मीडिया पर गैर-जिम्मेदाराना गतिविधियों को अनुशासनहीनता माना जाएगा और संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है. यह आदेश सभी विभागों, अधिकारियों, निगमों, बोर्डों और विश्वविद्यालयों के कर्मचारियों पर लागू होगा।





