कुल्लू : हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पतलीकूहल में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपित महिला को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस मामले की गहन जांच करते हुए घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। मृतक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाहलमा में चपरासी के पद पर कार्यरत था और पिछले कुछ समय से पतलीकूहल में एक महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत के बाद पुलिस ने शव का निरीक्षण किया, जिसमें शरीर पर चोट के निशान पाए गए। इसके बाद पुलिस ने एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। मंगलवार को पुलिस ने मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए फारेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया। टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस अब मामले की कड़ियों को जोड़ने में लगी है। मृतक की पत्नी टशी पालमो ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका पति करीब पांच वर्षों से आरोपित महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। इस दौरान वह उसके पास नहीं आता था। पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि फारेंसिक जांच रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपित महिला को बुधवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस रिमांड के दौरान महिला से गहन पूछताछ की जाएगी।





