ऊना: ऊना मुख्यालय के साथ लगते रायंसरी में निजी स्कूल की बस (टेंपो ट्रैवलर) की लापरवाही ने दो मासूम बहनों की जिंदगी को संकट में डाल दिया। जिसमें आज 3 वर्षीय मासूम की सांसें हमेशा के लिए थम गईं। दअरसल बीते कल ऊना हादसे में स्कूल बस ने दो मासूम बच्चियों को कुचल दिया। इस हादसे में आशवी (3) पुत्री सुशील कुमार निवासी रायंसरी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी बड़ी बहन पृशा (5) का क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उपचार जारी है। सूचना मिलते ही ऊना पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और मामले को लेकर आगामी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने बस के मालिक व चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार आशवी व पृशा दोनों सगी बहने हैं। दोनों ऊना के एक नामी स्कूल में एलकेजी व यूकेजी की छात्राएं है। आशवी का सोमवार को स्कूल का पहला ही दिन था। सुबह माता-पिता ने दोनों बच्चियों को तैयार कर स्कूल भेजा था। स्कूल में पढऩे के बाद आशवी व पृशा स्कूल बस से वापस घर आ रही थी। स्कूल बस चालक ने रायंसरी में दोनों बच्चियों को उतारा था और चालक बस को बैक कर रहा था तो अचानक ही दोनों बच्चियां बस की चपेट में आ गई।





