Home » ताजा खबरें » शिमला के ईदगाह में भीषण आग, 4 मकान जलकर राख…

शिमला के ईदगाह में भीषण आग, 4 मकान जलकर राख…

शिमला: शिमला के ईदगाह में आग लगने से यहां एक साथ सटे हुए 4 मकान जलकर राख हो गए। आग लगने के कारण अज्ञात बताए जा रहे हैं। आग से 3 लाख की संपत्ति का नुक्सान आंका गया है, जबकि दमकल कर्मियों की मुस्तैदी से आसपास की करीब 80 लाख रुपए की संपत्ति को जलने से बचा लिया है। यहां हफीज, शाजमल, रसीदा देवी और नवाजो के मकान आग की जद में आए हैं, जिसमें उनका घरेलू सामान सहित दस्तावेज व नकदी जलकर राख हो गए। सूचना मिलते ही दमकल केंद्र माल रोड, प्रगतिनगर और छोटा शिमला से 3 वाहन मौके पर पहुंचे और दमकल कर्मियों ने मुख्य सड़क पर वाहन खड़े किए और यहां से पाइप लाइन बिछाई और आग पर काबू पाया गया। बताया जा रहा है कि यह क्षेत्र शहर के कोल्ड जोन में आता है। ठंडा इलाका होने के कारण अभी भी दोपहर बाद लोग यहां पर आग जलाकर सेंकते हैं। आशंका जताई जा रही है कि आग सेंकने के बाद जब लोग चले गए होंगे तो यह धीरे-धीरे घरों तक फैल गई होगी। इसके बाद एक के बाद एक मकान इसकी चपेट में आ गए होंगे और कुछ का कहना है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी होनी प्रतीत होती है। फिलहाल आग लगने के कारण अज्ञात बताए जा रहे हैं, जिसकी दमकल कर्मी जांच में जुटे हुए हैं। पीड़ित परिवार के एक सदस्य हफीज ने बताया कि वह पेंटर है और उनके मकान में आग लगने से बिस्तर, फर्नीचर समेत घर में रखे हजारों रुपए जलकर राख हो गए। इसके अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक के कई कागजात भी जल गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *