Home » Uncategorized » आरडीजी पर मगरमच्छ के आंसू बहाकर जनता को गुमराह कर रहे मुख्यमंत्री सुक्खू : संदीपनी भारद्वाज

आरडीजी पर मगरमच्छ के आंसू बहाकर जनता को गुमराह कर रहे मुख्यमंत्री सुक्खू : संदीपनी भारद्वाज

शिमला : भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सांदीपनि भारद्वाज ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर आरडीजी को लेकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिक बदहाली के लिए केंद्र नहीं, बल्कि कांग्रेस सरकार की भ्रष्ट और नाकाम नीतियां जिम्मेदार हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि केंद्र से हिमाचल को मिली हजारों करोड़ रुपये की सहायता का विकास कार्यों में उपयोग करने के बजाय कांग्रेस सरकार ने अफसरशाही पर दबाव डालकर झूठे यूटिलाइजेशन सर्टिफिकेट बनवाए और पैसा वेतन, ऐशो-आराम और राजनीतिक खर्चों में खर्च किया।
उन्होंने कहा कि रेलवे, स्वास्थ्य, शिक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसी योजनाओं के फंड भी ट्रेजरी में डाल दिए गए। कांग्रेस शासन में टेंडरों की लागत 30 करोड़ से बढ़कर 100-150 करोड़ तक पहुंच गई, जो खुले भ्रष्टाचार का प्रमाण है। संदीपनी  भारद्वाज ने मुख्यमंत्री को चुनौती दी कि यदि सरकार ईमानदार है तो केंद्र से मिले फंड के उपयोग पर श्वेत पत्र जारी करे। उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस का पुराना चरित्र है- जहां भी पैसा दिखता है वहां विकास नहीं, लूट शुरू हो जाती है। मुख्यमंत्री प्रदेश की जनता को यह बताएं कि आखिर क्यों केंद्रीय योजनाओं के पैसे अस्पतालों, रेल परियोजनाओं और जनकल्याण के कामों पर लगने के बजाय सरकारी खजाने में डालकर खर्च कर दिए गए? संदीपनी भारद्वाज ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन में भ्रष्टाचार इस स्तर तक बढ़ चुका है कि जिन भवनों और सरकारी निर्माण कार्यों के टेंडर पहले 30 करोड़ रुपये में लगने शुरू हुए थे, वही टेंडर आज कांग्रेस सरकार में बढ़कर 100 से 150 करोड़ रुपये तक पहुंच गए हैं। यह पैसा जनता का है, यह पैसा केंद्र से आया था, जिसे गलत यूटिलाइजेशन सर्टिफिकेट के आधार पर ट्रांसफर कर अब महंगे टेंडरों और कमीशनखोरी की भेंट चढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू को यह समझना चाहिए कि जनता अब कांग्रेस के बहाने और झूठे आरोपों को स्वीकार नहीं करेगी। प्रदेश की अर्थव्यवस्था को कांग्रेस ने खुद बर्बाद किया है और अब केंद्र पर आरोप लगाकर अपनी नाकामी छिपाने की कोशिश कर रही है। प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा स्पष्ट करना चाहती है कि हिमाचल को विशेष भौगोलिक परिस्थितियों के चलते सहायता की आवश्यकता रहती है, लेकिन सहायता के नाम पर कांग्रेस सरकार ने जिस प्रकार से भ्रष्टाचार और फंड दुरुपयोग किया है, उसने प्रदेश को कर्ज और आर्थिक संकट में धकेल दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि यदि कांग्रेस सरकार में ईमानदारी है तो वह एक श्वेत पत्र जारी करे कि केंद्र से मिले फंड कहां-कहां खर्च किए गए और किन योजनाओं में वास्तविक काम हुआ। संदीपनी भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को हिमाचल प्रदेश के विकास की कोई चिंता नहीं है। उनका एकमात्र एजेंडा यही है कि केंद्र से पैसा कैसे आए और उसे किस प्रकार अपने राजनीतिक स्वार्थों और भ्रष्टाचार में इस्तेमाल किया जाए। यही कारण है कि आज प्रदेश की जनता त्रस्त है और कांग्रेस सरकार पूरी तरह विफल साबित हो चुकी है।

Leave a Comment