नाहन : सिरमौर जिला में मकर संक्रांति का पर्व पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर जिले के विभिन्न धार्मिक स्थलों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दिन भर मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और पूरा जिला धार्मिक वातावरण में सराबोर नजर आया। जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल रेणुका जी में मकर संक्रांति के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन किए गए। तड़के सुबह से ही हजारों श्रद्धालु रेणुका जी झील के तट पर पहुंचे और पवित्र स्नान कर भगवान रेणुका जी के दर्शन किए। मंदिर परिसर में विशेष हवन-पूजन और विधिवत पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस अवसर पर स्थानीय कांग्रेस विधायक एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के उपरांत विधायक विनय कुमार ने कहा कि रेणुका जी तीर्थ स्थल से लोगों की गहरी धार्मिक आस्था जुड़ी हुई है और इसे विकसित करने के लिए सरकार द्वारा विशेष कार्य योजना तैयार की गई है।





