Home » Uncategorized » हिमाचल में सैलानियों का हुड़दंग; पुलिस ने काटा 25 हजार का चालान…

हिमाचल में सैलानियों का हुड़दंग; पुलिस ने काटा 25 हजार का चालान…

मंडी: हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत वादियों में नए साल का जश्न मनाने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं. हालांकि, जश्न के नाम पर बेहूदापन भी टूरिस्ट दिखा रहे हैं. ऐसा ही मामला मंडी जिले में सामने आया है. जिले के थलौट के पास सैलानियों का चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे पर  हुड़दंग का वीडियो वायरल हुआ है. वीडियो रविवार दोपहर बाद का है, जिसमें कुछ पर्यटक लापरवाही और अनुशासनहीनता करते नजर आए. बताया जा रहा है कि यह वीडियो रविवार दोपहर बाद का है. वायरल क्लिप में कुछ युवक चंडीगढ़–मनाली नेशनल हाईवे पर सड़क किनारे खड़े होकर अनुशासनहीन हरकतें करते नजर आ रहे हैं. वीडियो में युवक बिना शर्ट के अश्लील इशारे करते हुए दिखाई देते हैं, जबकि उनके आगे-पीछे दो कारें खड़ी हैं. एक युवक शराब की बोतलों के साथ कार के बोनट पर बैठा दिख रहा है, जिससे सड़क पर आवागमन भी प्रभावित हुआ. मामले की जानकारी मिलते ही औट थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन चालक की पहचान मोहित कुमार, निवासी बहादुरगढ़ (हरियाणा) के रूप में की. पुलिस ने चालक के खिलाफ ड्रंक एंड ड्राइव और मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत 25 हजार रुपये का चालान किया. एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि चालान के साथ-साथ आरोपी को 20 हजार रुपये के बेल बॉन्ड पर रिहा किया गया है. इसके अलावा पुलिस ने संबंधित आरटीओ को चालक का ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने के लिए भी पत्र लिखा है. एसपी मंडी ने हिमाचल घूमने आने वाले सभी पर्यटकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सार्वजनिक स्थलों पर मर्यादित व्यवहार रखें. उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *