सोलन: केंद्र सरकार द्वारा आपदा राहत के लिए PNDA के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश को ₹601.92 करोड़ की महत्वपूर्ण वित्तीय सहायता प्रदान किए जाने पर प्रदेश की जनता की ओर से देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया जाता है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रोहित भारद्वाज ने प्रदेश की जनता की ओर से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हार्दिक आभार व्यक्त किया जाता है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित हिमाचल प्रदेश के लिए यह सहायता केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि केंद्र सरकार की संवेदनशीलता, प्रतिबद्धता और मजबूत नेतृत्व का प्रमाण है। जब प्रदेश आपदा के कठिन दौर से गुजर रहा है, ऐसे समय में मोदी सरकार का यह सहयोग प्रभावित परिवारों के लिए बड़ी राहत और संबल है। भारद्वाज ने कहा कि एक ओर केंद्र की मोदी सरकार बिना भेदभाव के हिमाचल प्रदेश के साथ मजबूती से खड़ी है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश की कांग्रेस सरकार आपदा प्रबंधन, राहत और पुनर्वास को लेकर पूरी तरह विफल साबित हुई है। राज्य सरकार की निष्क्रियता के बीच केंद्र से मिली यह सहायता प्रदेशवासियों के लिए जीवन रेखा के समान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने बार-बार यह सिद्ध किया है कि आपदा के समय राजनीति नहीं, बल्कि सेवा और राष्ट्रहित सर्वोपरि होता है। कांग्रेस द्वारा लगाए जाने वाले भेदभाव के आरोप इस सहायता के बाद पूरी तरह निराधार साबित हो गए हैं। रोहित भारद्वाज ने कहा कि हिमाचल की जनता यह भली-भांति समझ चुकी है कि कौन संकट में साथ खड़ा है और कौन केवल राजनीति करता है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्र सरकार का पुनः आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि भविष्य में भी हिमाचल प्रदेश को हर संभव सहयोग मिलता रहेगा।




