Home » Uncategorized » प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, रोहतांग और बारालाचा दर्रे में स्नोफॉल, पर्यटकों ने उठाया लुत्फ

प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, रोहतांग और बारालाचा दर्रे में स्नोफॉल, पर्यटकों ने उठाया लुत्फ

शिमला : प्रदेशभर में शुक्रवार को अधिकतर स्थानों में बादल छाए रहे, दोपहर बाद धर्मशाला में धूप खिली। रोहतांग, शिंकुला व बारालाचा दर्रे में हिमपात हुआ। रोहतांग में बर्फ के फाहे गिरते देख पर्यटक झूम उठे। पर्यटन स्थल मढ़ी में भी बर्फ के फाहे गिरे। हालांकि, दोपहर बाद मौसम साफ हो गया। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर दिखा। निचले क्षेत्रों में ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आई। लाहुल स्पीति, किन्नौर व चंबा की पर्वत शृंखलाओं पर बीती रात से रुक-रुक कर हिमपात होता रहा। शिमला, कुफरी और मनाली में बादल छाए रहे। बिलासपुर और मंडी जिले के कुछ स्थानों पर सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता 70 व 120 मीटर पहुंच गई। मौसम विभाग ने निचले व मैदानी क्षेत्रों में 27, 28 व 29 दिसंबर को घने कोहरे का आरेंज अलर्ट जारी किया है। 27 से 29 दिसंबर तक प्रदेशभर में मौसम साफ रहने की संभावना है। शिमला शहर के होटलों में वीकेंड के लिए 80 फीसदी ऑक्यूपेंसी हो गई है। विंटर कार्निवल के चलते और बर्फबारी की आस में बाहरी राज्यों के हजारों सैलानी शिमला का रुख कर रहे हैं। इसके अलावा शहर के होटलों में नए साल के लिए भी कमरों की एडवांस बुकिंग जारी है। होटल कारोबारी एडवांस में कमरा बुक करवाने पर 15 से 20 फीसदी की विशेष छूट भी दे रहे हैं। नए साल के जश्न मनाने के लिए भी विशेष इंतजाम किए हैं जिसमें पर्यटक डीजे की धुनों पर थिरकेंगे। इसके अलावा डाइन एंड डांस के साथ गाला डिनर (ड्रिंक रिसेप्शन, बैठकर डिनर और मनोरंजन शामिल रहता है) का बंदोबस्त होगा। शुक्रवार शाम से ही सैलानियों के शिमला पहुंचने का सिलसिला जारी हो गया था। वहीं दोपहर 1 बजे के बाद ही लिफ्ट स्थित पार्किंग पैक हो गई थी। होटल एंड रैस्टोरेंट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि न्यू ईयर के लिए होटलों में एडवांस में बुकिंग शुरू हो गई है। बर्फबारी होने के बाद बुकिंग में और ज्यादा बढ़ोतरी होगी। ऐसे में कारोबार बढ़ने की उम्मीद है। वीकेंड के चलते राजधानी शिमला में सैलानियों की आवाजाही बढ़ गई है। हर रोज हजारों की संख्या में देश-विदेश से सैलानी शिमला आ रहे हैं। विंटर कार्निवल और नववर्ष का जश्न मनाने के लिए हजारों की संख्या में वाहनों के आने से राजधानी की सड़कों पर दबाव बढ़ गया है। शहर में शुक्रवार को भी जाम लगता रहा। वाहनों की अधिक संख्या के कारण सोलन की ओर से आने वाले वाहनों को कुछ समय के लिए रोका गया। तारादेवी के पास वन मिनट ट्रैफिक प्लान के चलते यहां वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे, इसके लिए तारादेवी में वन मिनट ट्रैफिक प्लान लागू किया है लेकिन इस वजह से शोघी से शिमला पहुंचने में सैलानियों और स्थानीय लोगों को दो से ढाई घंटे का समय लग गया। शहर में भी वाहनों का दबाव बढ़ने से ट्रैफिक जाम की समस्या बनी हुई है। इस वजह से शहरवासियों के साथ ही पर्यटकों को भी परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]