कुल्लू: हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की वॉल्वो बस (HP 63 -7572) पर बीती रात हमला कर दिया गया। बस मनाली से चंडीगढ़ जा रही थी। बस जैसे ही कुल्लू बस स्टैंड पर पहुंची, तो शरारती तत्वों ने वॉल्वो में चढ़ने की कोशिश की लेकिन परिचालक द्वारा सीट न होने की बात कह दी गई।बताया जा रहा है कि इस बात से तिलमिलाए युवको ने बस पर पथराव शुरू कर दिया। यह भी जानकारी सामने आई है कि बस पर हमला करने वाले तीन व्यक्ति हरियाणा के थे, जबकि दो स्थानीय ही थे। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि कैसे अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बस पर पथराव किया गया। पथराव के दौरान बस में यात्री भी सवार थे। हालांकि इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है लेकिन बताया जा रहा है कि पुलिस ने हरियाणा के तीन युवकों को बजौरा में हिरासत में ले लिया है, जबकि दो व्यक्ति कुल्लू में ही हिरासत में लिए गए हैं। उधर हिमाचल प्रदेश कंडक्टर यूनियन ने घटना की कड़ी भर्त्सना की है। यूनियन के उपाध्यक्ष नवीन ठाकुर ने कहा कि इस तरह की घटना को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। अगर 48 घंटे के भीतर पुलिस ने सख्त कार्रवाई नहीं की, तो मजबूरन अगला कदम उठाना पड़ेगा। यह भी जानकारी मिली है कि घटना के मामले में कुल्लू में बस स्टैंड पर चालकों-परिचालकों द्वारा गेट मीटिंग भी बुलाई गई है।





