Home » Uncategorized » मंडी में डिप्टी CM हुए आक्रामक, ‘रात के अंधेरे में भाजपा के घर साजिश रच रहे अधिकारी…

मंडी में डिप्टी CM हुए आक्रामक, ‘रात के अंधेरे में भाजपा के घर साजिश रच रहे अधिकारी…

मंडी : हिमाचल प्रदेश सरकार के तीन साल का कार्यकाल पूरा होने पर मंडी में आयोजित जनसंकल्प सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री बुरी तरह से हमलावर हुए। डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को सीधी चेतावनी देते हुए कहा कि कुछ अधिकारी रात के अंधेरे में भाजपा नेताओं के घर हाजिरी भर रहे हैं और साजिश रच रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से आग्रह किया कि ऐसे अधिकारियों से दोनों हाथों से निपटा जाए। उन्होंने साफ कहा कि मैं संतुष्ट आदमी हूं, किसी से नहीं डरता। उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जलजीवन मिशन का 1,200 करोड़ रुपये केंद्र ने रोक रखा है और बल्क ड्रग पार्क का काम भी दो वर्ष में हर हाल में पूरा होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे कान खोलकर यह बात सुन लें। सरकार के खिलाफ चलने वालों को रगड़ दो। अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार तीन वर्ष से जनता को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। आज का विशाल जनसमूह उन लोगों के लिए बड़ी चेतावनी है जो घरों में बैठकर सत्ता में आने के सपने देख रहे हैं। उन्होंने हिमाचल निर्माण में डॉ. वाईएस परमार की भूमिका को याद किया और कहा कि उस समय कांग्रेस पहाड़ के लिए लड़ रही थी, जबकि भाजपा महापंजाब की वकालत करती थी। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने प्रदेश को आगे बढ़ाया और हम उनके वारिस हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 2023 से हिमाचल लगातार आपदा से जूझ रहा है, लेकिन सरकार ने प्रभावितों को हरसंभव सहायता दी है। अब तक 4,500 करोड़ रुपये की मदद दी जा चुकी है। इसके बावजूद भाजपा नेता दिल्ली जाकर सहायता रोकने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1,500 करोड़ रुपये की घोषणा की थी, लेकिन आज तक एक रुपये भी नहीं मिला। उन्होंने कहा पीएम की बात पक्की लकीर होती है, लेकिन यहां तो कुछ मिला ही नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *