मंडी: तीन साल का कार्यकाल पूरा होने पर प्रदेश कांग्रेस सरकार जन संकल्प सम्मेलन के नाम से मंडी के पड्डल मैदान में रैली कर रही है। रैली में बड़ी संख्या में प्रदेश भर से लोग पहुंचे हैं।
भाजपा ने गरीब जनता पर 75 हजार करोड़ का कर्जा छोड़ा: सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश की एकता व अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। कांग्रेस के दो-दो प्रधानमंत्रियों ने देश के लिए अपना बलिदान दिया। जो लोग देश के लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं, वे आज प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठे हैं। सीएम सुक्खू ने कहा कि जब मुख्यमंत्री बना तो तीन चुनाैतियां सामने थीं। भाजपा की पूर्व सरकार ने प्रदेश की गरीब जनता पर 75 हजार करोड़ का कर्जा छोड़ा। हमारी सरकार को कर्जा चुकाने के लिए कर्जा लेना पड़ रहा है। आपकी तो डबल इंजन की सरकार थी, फिर क्यों इतना कर्जा लेना पड़ा। छठे वेतन आयोग का 10 हजार करोड़ का एरियर भी हमारी सरकार पर छोड़ दिया। हमारे मंत्रिमंडल, प्रदेश की जनता ने कंधे से कंधा मिलकार इस आर्थिक चुनाैति का सामना किया।
01:30 PM, 11-Dec-2025
हिमाचल के लोग और कांग्रेस दोनों एक-दूसरे के पूरक: रजनी पाटिल
कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल के लोग और कांग्रेस दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं। सरकार ने तीन साल में छह गारंटियों को पूरा किया है। चिट्टे के खिलाफ सरकार की ओर से शुरू किए गए अभियान की देश भर में सराहना हो रही है। हिमाचल को सामाजिक-आर्थिक व पर्यावरण की दृष्टि से संपन्न राज्य बनाना होगा। रजनी ने कहा कि महिलाओं को 15-15 साै रुपये प्रियंका गांधी के हाथों दिए जाएंगे। कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का हिमाचल से विशेष लगाव रहा और राज्य को पूर्ण राज्यत्व का दर्जा दिलाया।
01:19 PM, 11-Dec-2025
साजिश रचने वाले अधिकारी दिन के उजाले में निपटेंगे: मुकेश
मुकेश ने भाजपा के नेता दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री की 1500 करोड़ की घोषणा को रोक रहे हैं। सीएम से आग्रह है कि ओपीएस के लिए एक पक्का कानून बनाओ, ताकि इसे कोई बंद नहीं कर सके। एचआरटीसी का वेतन और पेंशन 36 महीने मिली है। कहा कि कांग्रेस सरकार के खिलाफ साजिश करने वाले अफसर दिन के उजाले में निपटेंगे। जो अफसर भाजपा के लोगों के घर में हाजिरी भर रहे हैं। उनसे निपटेंगे। सुक्खू जी से भी कहना चाहेंगे ऐसे अफसरों को दोनों हाथों से निपटाओ। वरना काम नहीं चलेगा। मुकेश अग्निहोत्री संतुष्ट आदमी है। कोई कुचलने की कोशिश करेगा नेस्तनाबूद कर देंगे। बल्क ड्रग का काम अफसरों को दो साल में पूरा करना चाहिए। कछुआ चाल से योजनाएं नहीं चलेंगी। जिसका जो हक बनता है उसे पद मिलने चाहिए ताकि अगली तैयारी शुरू की जा सके। सरकार चिट्टे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रही है।
01:16 PM, 11-Dec-2025
जिन लोगों को यहां से चुनकर भेजा, वे सुध लेने क्यों नहीं आए: विनय कुमार
रैली में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि जिन लोगों को यहां से चुनकर भेजा, वे सुध लेने क्यों नहीं आए। उन्होंने कहा कि मंडी में आपदा आई तो सरकार ने यहीं इसलिए जनसंकल्प सम्मेलन रखा है। उन्होंने सीएम सुक्खू को बहुत आदर के योग्य लोकप्रिय मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री को बहुत आदर के योग्य कहकर संबोधित किया।
01:12 PM, 11-Dec-2025
कांग्रेस की बदौलत ही हिमाचल बना: अग्निहोत्री
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मंडी में आज जन सुनामी आई है। इससे साफ है कि प्रदेश की वर्तमान सरकार के तीन साल को जनता का भरपूर सहयोग मिला। आज की रैली उनके लिए भी चेतावनी है जो सोचते हैं कि घर बैठे ही सत्ता हासिल कर लेंगे। कहा कि हम उस पार्टी के वारिस हैं, जिसने हिमाचल बनाया है। इंदिरा गांधी का आशीर्वाद नहीं मिला होता तो भी हम यहां इस समारोह को न मना रहे होते। कहा कि कांग्रेस की बदौलत ही हिमाचल बना और नेहरू-गांधी परिवार की बदौलत प्रदेश आगे बढ़ा और पूर्ण राज्यत्व का दर्जा मिला। हिमाचल को बनाने में प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डाॅ. वाईएस परमार की भूमिका रही। भाजपा हिमाचल को बनाने की विरोधी थी। वीरभद्र सिंह ने लंबी पारी खेली, जो प्रदेश में विकास हुआ है यह उनकी बदौलत है। आज सुखविंद्र सिंह सुक्खू सरकार इसे आगे बढ़ा रही है।
01:01 PM, 11-Dec-2025
मुख्यमंत्री ने कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया
सरकार की तीन वर्षों की विकास यात्रा पर आधारित कॉफी टेबल बुक का मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू व अन्य नेताओं ने विमोचन किया।
वंदे मातरम से हुई समारोह की शुरुआत
तीन साल का कार्यकाल पूरा होने पर प्रदेश कांग्रेस सरकार की जन संकल्प समारोह की शुरुआत वंदे मातरम से हुई। जनसभा में उपस्थित सभी लोगों ने वंदे मातरम गाया।
12:36 PM, 11-Dec-2025
जन संकल्प सम्मेलन में पहुंचे सीएम सुक्खू, प्रदेश प्रभारी सहित सहित अन्य नेता
तीन साल का कार्यकाल पूरा होने पर प्रदेश कांग्रेस सरकार जन संकल्प सम्मेलन के नाम से मंडी के पड्डल मैदान में रैली कर रही है। रैली के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सहित अन्य नेता मंच पर पहुंच चुके हैं। मुख्यमंत्री का मंडी पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू ने मंच पर पूर्व सैनिकों, खिलाड़ियों, किसान पद्मश्री नेकराम शर्मा को सम्मानित किया।





