Rahul Bose in Legal Trouble: बॉलीवुड अभिनेता और पूर्व रग्बी खिलाड़ी राहुल बोस इस समय हिमाचल प्रदेश में एक बड़े विवाद के केंद्र में आ गए हैं. उन पर आरोप है कि उन्होंने राष्ट्रीय रग्बी फेडरेशन के प्रमुख बनने के लिए कथित तौर पर हिमाचल प्रदेश का डोमिसाइल प्रमाणपत्र हासिल किया. यह विवाद साल 2023 से शुरू हुआ, जब राहुल बोस ने शिमला के शाही परिवार से वादा किया था कि वे राज्य स्तर पर एक मान्यता प्राप्त रग्बी एसोसिएशन स्थापित कराने में मदद करेंगे. लेकिन दो साल बीतने के बावजूद यह योजना पूरी नहीं हो सकी, जिससे स्थानीय रग्बी समर्थकों में नाराजगी बढ़ गई. शिमला जिले के जुब्बल रियासत से जुड़ी दिव्या कुमारी ने आरोप लगाया है कि उनकी मेहनत से बनी सैकड़ों सदस्यों वाली एसोसिएशन को किनारे कर दिया गया और अब नई संस्था खड़ी की जा रही है. दिव्या कुमारी का कहना है कि राहुल बोस अपने वादों पर खरे नहीं उतरे, जिससे उन्हें और उनके समर्थकों को धोखा महसूस हो रहा है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राहुल बोस ने शाही परिवार की साख का इस्तेमाल अपने निजी फायदे के लिए किया। शिकायत के मुताबिक, राहुल बोस ने कथित रूप से हिमाचल का डोमिसाइल प्रमाणपत्र हासिल किया ताकि उन्हें राष्ट्रीय चुनाव में हिमाचल से दो वोट मिल सकें. दावों के अनुसार, राहुल बोस का जन्म कोलकाता में हुआ, उनके पास महाराष्ट्र का आधार, पासपोर्ट और डोमिसाइल प्रमाणपत्र है, फिर भी उनके पास हिमाचल प्रदेश का डोमिसाइल सर्टिफिकेट भी मौजूद है. फिलहाल यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और आगे की जांच जारी है।





