कसौली/हेमेंद्र कंवर : दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक छात्र को गुणवत्तायुक्त शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए कृत संकल्प है। राम कुमार चौधरी आज दून विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुठाड़ व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दाड़वा में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। विधायक ने इससे पूर्व ग्राम पंचायत दाड़वा में नव निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण भी किया। राम कुमार चौधरी ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में युवाओं को आत्मनिर्भर व तकनीक के जोड़ने के लिए अंग्रेजी भाषा का ज्ञान आवश्यक है। इसी दृष्टिकोण से प्रदेश सरकार ने राजकीय विद्यालयों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा आरम्भ कर दी है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से प्रदेश के सभी बच्चों को और विशेष रूप के ग्रामीण परिवेश के बच्चों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के प्रत्येक छात्र तक गुणवत्तायुक्त शिक्षा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जाएंगे। विधायक ने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के उपमण्डल चण्डी द्वारा 8.87 करोड़ रुपए से सड़कों का जीर्णोधार किया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र में गत वर्षों में लगभग 485 करोड़ रुपए के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। राम कुमार चौधरी ने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पहाड़ी क्षेत्र को विकसित करने के उद्देश्य से बरोटीवाला-बनलगी-सुबाथू-सोलन सड़क का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। विधायक ने इस अवसर पर विभिन्न शैक्षणिक एवं सह शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत दाड़वा के प्रधान रमेश ठाकुर, स्थानीय जन प्रतिनिधि, अभिभावक, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक एवं छात्र इस अवसर पर उपस्थित थे।





