सुंदरनगर: सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र की बरोटी, डैहर और जम्बला पंचायतों में रविवार को प्रदेश भाजपा मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जंवाल ने जनसंपर्क अभियान के दौरान लोगों से साफ़ शब्दों में कहा कि तीन वर्षों में कांग्रेस सरकार ने कोई भी विकास कार्य शुरू नहीं किया। सड़कों की हालत दयनीय है, योजनाएं ठप पड़ी हैं और राहत कार्य पूरी तरह रुके हुए हैं। जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है, जबकि सरकार का ध्यान केवल जश्न मनाने पर केंद्रित है। राकेश जंवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार डिजास्टर एक्ट का हवाला देकर पंचायत व निकाय चुनावों को टाल रही है, लेकिन उसी प्रदेश में अपने तीन साल पूरे होने के जश्न पर करोड़ों रुपए खर्च कर रही है। उन्होंने पूछा कि जब आपदा राहत के लिए धन नहीं, पुनर्निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ रहे, तब इस जश्न का क्या औचित्य है। उन्होंने कहा कि मंडी जिला आपदा से सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्रों में शामिल है, जहां अभी तक न राहत पहुंची है, न ही पुनर्निर्माण का कार्य शुरू हुआ है। कई परिवार अब भी सरकारी मदद का इंतज़ार कर रहे हैं। ऐसे समय में तीन वर्ष का जश्न मनाना जनता के साथ धोखा है और सरकार की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। राकेश जंवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपने तीन साल के कार्यकाल में एक भी ऐसी योजना नहीं बता पा रही जो जनता के बीच चर्चा का विषय बनी हो या जिसके लाभ से हजारों लोग प्रभावित हुए हों। इसके विपरीत भाजपा सरकार की हिमकेयर, गृहिणी सुविधा, सहारा, स्वावलंबन, शगुन और जन मंच जैसी योजनाएं अब भी जनता की उम्मीद हैं, लेकिन कांग्रेस सरकार ने उन्हें बंद कर दिया या कमजोर कर दिया।उन्होंने कहा कि चुनाव टालने हों तो सरकार आपदा का सहारा लेती है और जश्न मनाना हो तो करोड़ों रुपए खर्च कर देती है। यह जनता की पीड़ा के साथ खिलवाड़ है। अंत में उन्होंने मांग की कि कांग्रेस सरकार तीन साल के जश्न मनाने के फैसले को तुरंत वापस ले।





