शिमला: दुबई एयर शो में हुए तेजस विमान हादसे में हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा के रहने वाले पायलट नमंश स्याल की मौत हो गई. वहीं उनके हादसे पर सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दुख जताया है. उन्होंने कहा कि नमंश एक बहादुर और साहसी पायलट थे. सीएम सुक्खू ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, “दुबई एयर शो में हुए तेजस विमान हादसे में हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के वीर सपूत नमन स्याल के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है. देश ने एक बहादुर, कर्तव्यनिष्ठ और साहसी पायलट खो दिया है. शोकाकुल परिवारजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ प्रकट करता हूं. वीर सपूत नमन स्याल जी की अदम्य वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को हृदय से नमन।बता दें कि दुबई एयर शो 2025 में शुक्रवार (21 नवंबर) दोपहर भारतीय वायुसेना का अत्याधुनिक स्वदेशी लड़ाकू विमान एलसीए तेजस एक प्रदर्शन उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में पायलट की मौत हो गई. वायुसेना ने गहन जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दिए हैं. यह घटना उस समय हुई, जब तेजस निर्धारित एरोबेटिक अभ्यास के लिए उड़ान भर रहा था. दुर्घटना के कारणों की पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है. वायुसेना द्वारा विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है. भारतीय वायुसेना ने हादसे की पुष्टि करते हुए एक आधिकारिक बयान जारी किया है। वायुसेना ने कहा कि उनका एक तेजस विमान दुबई एयर शो-25 में दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. घटना के संबंध में तथ्यों की पुष्टि की जा रही है. जैसे ही सत्यापित विवरण उपलब्ध होंगे, उन्हें साझा किया जाएगा. सभी जानकारी केवल सत्यापन के बाद ही जारी की जाएगी. वायुसेना ने बताया कि हादसे में पायलट को गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मृत्यु हो गई. भारतीय वायुसेना ने कहा है कि वह पायलट की मौत से हुई इस अपूरणीय क्षति पर गहरा दुख प्रकट करती है और इस कठिन समय में शोकाकुल परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है.
कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित करने का ऐलान
भारतीय वायुसेना ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित करने की घोषणा की है. जांच दल उड़ान के तकनीकी, परिचालन और सुरक्षा से जुड़े हर पहलू का विस्तृत अध्ययन करेगा, ताकि वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके। वहीं विमान क्रैश होने की घटना के तुरंत बाद एयर शो के आपातकालीन प्रबंधन दल और स्थानीय प्रशासनिक इकाइयों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली. प्रारंभिक राहत और सुरक्षा उपायों को तेजी से लागू किया गया. यह भी जानकारी मिली है कि दुर्घटना के बाद उत्पन्न स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एयरस्पेस के एक हिस्से को अस्थायी रूप से बंद किया गया.
विशेषज्ञ दल तकनीकी डाटा का करेंगे अध्ययन
गौरतलब है कि तेजस भारत का स्वदेशी रूप से विकसित हल्का बहुउद्देश्यीय लड़ाकू विमान है. इसे हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने डिजाइन और निर्मित किया है. दुबई एयर शो-2025 में इसकी उपस्थिति भारत की एयरोस्पेस क्षमताओं को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही थी. दुर्घटना का विस्तृत कारण तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट होगा. विशेषज्ञ दल तकनीकी डाटा का अध्ययन करेंगे. दुबई एयर शो-25 के आयोजकों ने भी भारतीय पक्ष के साथ समन्वय करते हुए हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में सहयोग का आश्वासन दिया है. संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित दुबई एयर शो 2025 में भारत ने अपनी उन्नत रक्षा शक्ति, प्रौद्योगिकी और उद्योग क्षमताओं का व्यापक प्रदर्शन किया है. एयर शो में इंडियन एयरफोर्स की सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम व स्वदेशी लड़ाकू विमान एलसीए तेजस दुबई के आसमान में उड़ान भरने वाली टीमों का हिस्सा थे. यहां लड़ाकू विमानों के प्रदर्शन के साथ-साथ द्विपक्षीय बैठकें एवं उद्योग सहयोग वार्ता भी हुई हैं।





