Home » Uncategorized » चुराह के विधायक हंसराज के खिलाफ पोक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मामला दर्ज…

चुराह के विधायक हंसराज के खिलाफ पोक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मामला दर्ज…

चंबा: चुराह विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. हंसराज पर एक पीड़िता की शिकायत के बाद चंबा महिला थाना में धारा 69 बीएनएस एक्ट एवं धारा 6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह मामला शुक्रवार को पीड़िता द्वारा दी गई लिखित शिकायत के आधार पर दर्ज हुआ। शुक्रवार को आरोप लगाने वाली युवती चंबा महिला पुलिस थाना पहुंची और विधायक के खिलाफ शारीरिक शोषण समेत वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने की शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने विधायक हंसराज के खिलाफ बीएनएस की धारा और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने युवती के कोर्ट में न्यायाधीश के सामने बयान दर्ज करवा लिए हैं। युवती का मेडिकल करवाने की तैयारी है। बता दें कि वीरवार को ही पुलिस ने युवती के पिता की शिकायत पर विधायक के निजी सचिव समेत दो लोगों पर केस दर्ज किया था।  उधर, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अशोक तिवारी ने बताया कि विधायक के खिलाफ पॉक्सो के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच कर रही है।पुलिस को दी शिकायत में आरोप है कि विधायक ने उसका नाबालिग उम्र में बहला फुसलाकर शोषण किया था और उसके बाद वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता रहा। युवती का आरोप है कि विधायक लगातार दवाब बनाता रहा और धमकियां दीं। शिकायत के बाद पुलिस ने विधायक के खिलाफ बीएनएस की धारा और पॉस्को एक्ट में केस दर्ज कर लिया और युवती के अदालत में जज के समक्ष बयान दर्ज करवाए। बता दें कि युवती ने तीन-चार दिन पहले फेसबुक पर लाइव होकर विधायक पर कई संगीन आरोप लगाए थे। इसके बाद विधायक ने भी लाइव आकर आरोपों पर सफाई दी थी। महिला आयोग ने चंबा पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई के आदेश दिए थे। इससे पहले वीरवार को युवती के पिता की शिकायत पर तीसा थाना में विधायक के निजी समेत लेखराज समेत मुनियान खान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पिता ने बेटी को डरा-धमकाकर पहले बयान बदलवाने, धमकाने, किडनैप कर शिमला ले जाने की शिकायत दी थी। अब विधायक पर मामला दर्ज हो गया है। वहीं, इस मामले में जब विधायक हंसराज का पक्ष जानना चाहा तो उनका फोन स्विच ऑफ था।

जानिए यह है मामला
अगस्त 2024 में पहली बार युवती ने विधायक डॉ. हंसराज पर अश्लील चैट करने, आपत्तिजनक तस्वीरें मांगने और धमकाने के गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को लिखित शिकायत दी। 9 अगस्त को 2024 को महिला पुलिस थाना चंबा में विधायक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। कुछ समय बाद अगस्त में ही युवती ने फेसबुक लाइव आकर अपने आरोप वापस ले लिए और कहा कि यह कदम मानसिक तनाव या किसी के बहकावे में आकर उठाया था। अब नवंबर 2025 में युवती एक बार फिर फेसबुक पर लाइव आई और विधायक पर फिर से धमकी देने, बदनाम करने, मानसिक प्रताड़ना और परिवार को जान के खतरे के गंभीर आरोप लगाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *