शिमला : हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने पुलिस कांस्टेबल से हेड कांस्टेबल पद पर पदोन्नति के लिए 9 नवंबर को होने वाली परीक्षा (बी-1 टेस्ट) पर रोक लगा दी है। न्यायाधीश ज्योत्सना रिवाल दुआ की अदालत ने अश्विनी कुमार बनाम हिमाचल प्रदेश राज्य व अन्य मामले में दायर आवेदन पर यह अंतरिम राहत दी है। अदालत ने प्रतिवादियों को 10 दिन में जवाब दायर करने का आदेश दिया है। अगली सुनवाई 19 नवंबर को होगी। उधर, अदालत के आदेश के बाद पुलिस विभाग ने परीक्षा रद्द कर दी है। अदालत ने कहा कि बी-1 परीक्षा की प्रासंगिकता और हेड कांस्टेबल के पद पर पदोन्नति के लिए इस पर विचार-विमर्श की आवश्यकता है। याचिका में बताया गया है कि यह परीक्षा लगभग सात साल के अंतराल के बाद आयोजित की जा रही है, जबकि स्टैंडिंग ऑर्डर के अनुसार इसे हर साल अगस्त में आयोजित किया जाना चाहिए था। पिछली बी-1 परीक्षा वर्ष 2017 में हुई थी। परीक्षा पहले 21 सितंबर और फिर 20 अक्टूबर को आयोजित किया जा रहा था लेकिन बाद में इसे रद्द कर दिया गया।





