Home » Uncategorized » शराब के नशे में धुत व्यक्ति ने पुलिसकर्मी को घसीटा, मारे घुसे, सिगरेट पीने से रोकने पर की मारपीट…

शराब के नशे में धुत व्यक्ति ने पुलिसकर्मी को घसीटा, मारे घुसे, सिगरेट पीने से रोकने पर की मारपीट…

शिमला : राजधानी शिमला के उपनगर संजौली में एक ट्रैफिक पुलिस कर्मी पर ड्यूटी के दौरान हमला करने का मामला सामने आया है। यह घटना मंगलवार देर शाम उस समय हुई जब संजौली पुलिस स्टेशन में तैनात कांस्टेबल सुनील अपनी नियमित ट्रैफिक ड्यूटी पर संजौली स्थित एचआरटीसी कार्यालय के समीप तैनात थे। ड्यूटी के दौरान कांस्टेबल सुनील ने एक व्यक्ति को सार्वजनिक स्थान पर सिगरेट पीते देखा। उन्होंने उस व्यक्ति को सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान न करने की हिदायत दी। इस पर उस व्यक्ति ने सिगरेट फेंक दी और वहां से संजौली चौक की ओर चला गया। लेकिन कुछ समय बाद वही व्यक्ति वापस आया और अचानक कांस्टेबल सुनील पर हमला कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान संदीप निवासी कोटखाई के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि घटना के दौरान वह शराब के नशे में धुत था। वहीं कांस्टेबल द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार हमलावर ने कांस्टेबल सुनील को घूंसे मारे और उन्हें घसीटते हुए दावत होटल की ओर ले गया। इस दौरान पुलिस कर्मी ने खुद को बचाने का प्रयास किया, फिर भी उसे चोटें आईं। मौके पर आसपास के लोगों के जुटने पर आरोपी वहां से भाग निकला। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस थाना संजौली को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस थाना संजौली में इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 132, 121(1) और 221 के तहत मामला दर्ज किया गया है। संजौली थाना प्रभारी (एसएचओ) स्वयं इस प्रकरण की जांच कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक तफ्तीश में सामने आया है कि ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर हमले के दौरान वह शराब के नशे में था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *