
शिमला : प्यार कभी भी देश, भाषा और संस्कृति देखकर नहीं होता। बिलासपुर जिले के देहरा गांव का युवक शीतल चड्ढा और फिलीपींस की लड़की मैरीजेन इसके हालिया उदाहरण हैं। दोनों ने शुक्रवार को हिंदू रीति-रिवाजों से शादी रचाई। शादी देहरा गांव में ही हुई, जिसमें परिवार और रिश्तेदार शामिल हुए। शीतल चड्ढा वर्तमान में अमेरिका के न्यूयॉर्क में एक निजी कंपनी में काम करता है। इससे पहले वह सऊदी अरब में नौकरी करता था। वहीं उसकी मुलाकात फिलीपींस की रहने वाली मैरीजेन से हुई, जो उस समय एक अस्पताल में नर्स थी। पहले दोनों में दोस्ती हुई फिर वह प्यार में बदल गई। करीब छह साल तक एक-दूसरे डेट करने के बाद अब दोनों ने शादी कर ली। शीतल चड्ढा ने बताया कि मैरीजेन का स्वभाव बेहद मिलनसार और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मानजनक है। उन्होंने सऊदी अरब की नौकरी छोड़ दी है और अब अपने पति के साथ भारत में देहरा गांव में ही रहेंगी। शादी के दौरान मैरीजेन ने पारंपरिक भारतीय परिधान पहनकर सभी का दिल जीत लिया। विवाह की सभी रस्में विधिवत रूप से निभाई गईं हल्दी, मेहंदी और फेरे तक हर कार्यक्रम में गांव के लोगों ने भाग लिया।





