चंडीगढ़: पंजाबी सिंगर गैरी संधू विवाद में घिर गए हैं। 4 दिन पहले अमेरिका के कैलिफोर्निया में लाइव शो के दौरान उन पर हिंदू देवी-देवताओं के भजन का अपमान करने का आरोप है। उन्होंने भजन को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ जोड़कर गाया- चलो बुलावा आया है ट्रंप ने बुलाया है। इसके बाद लोगों में नाराजगी फैल गई। शिव सेना पंजाब के नेता भानू प्रताप ने कहा कि गैरी संधू ने भजन को ट्रंप के साथ जोड़कर हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने बताया कि तरनतारन में जो उपचुनाव हो रहा है, वहां समस्त हिंदू समाज भी पहुंच रहा है। गैरी संधू की ये हरकत सभी हिंदू नेताओं के समक्ष रखेंगे। इसके बाद फैसला लेंगे कि गैरी संधू का किस तरह से विरोध किया जाए। ये अपमान सहन नहीं किया जाएगा। उधर, सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर ट्रोलिंग शुरू हो गई है। इंस्टाग्राम पर अश्वनी नाम के यूजर ने लिखा है- काम गैरी के भी अब गलत हो गए हैं। वहीं, दूसरे यूजर शिवराज मेहरा ने लिखा -खत्म हो गई गैरी पाजी अब कहानी। दीपक ठाकुर ने लिखा- हमारे देव समाज का मजाक मत बनाओ और कैसा बुलावा, जिस भजन के लिरिक्स आप बदल कर गा रहे हो ना, वो मां वैष्णो देवी का भजन है। इसके अलावा गिल ने लिखा- तुझे अक्ल है नहीं, माता का भजन है, क्या बना रहे हो।





