लाइव हिमाचल/ऊना: जिला ऊना में पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक ताबड़तोड़ छापामारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने खनन कार्य में संलिप्त कुल 16 वाहनों को कब्जे में लिया, जिनमें टिपर, ट्रैक्टर और दो पोकलेन मशीनें शामिल हैं। यह अभियान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ चलाया गया, जिससे अवैध खनन माफिया में हड़कंप मच गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऊना संजीव कुमार भाटिया ने बताया कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर अमल किया जा रहा है और इस तरह की कार्रवाइयां भविष्य में भी जारी रहेंगी। पुलिस ने टिप्परों, ट्रैक्टर व दोनों मशीनों को कब्जे में लेकर हिरासत में लिए गए चालकों के विरुद्ध माइनिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन को पिछले काफी लंबे समय से स्वां नदी व अन्य सहायक खड्ड़ों में अवैध एवं अवैज्ञानिक खनन की शिकायतें मिल रही थी। एसपी अमित यादव ने शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए स्वां नदी में दबिश देने की योजना बनाई। उन्होंनेटीम गठित की। एसपी अमित यादव ने सोमवार मध्यरात्रि टीम के साथ सबसे पहले संतोषगढ़ नगर के समीप टाहलीवाल में स्वां नदी में दबिश दी। इस दौरान स्वां नदी में खनन की गतिविधियां चल रही थी। पुलिस को देखकर खनन गतिविधियों में लिप्त लोगो में अफरा-तफरी मच गई। ये लोग अपने-अपने टिप्पर छोड़कर मौके से फरार होने लगे। पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते ही दो पोकलेन मशीन, रेत से भरे 10 टिप्पर व चार ट्रैक्टर कब्जे में ले लिए। इस बीच 10 चालक भी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। इससे पहले की अन्य को पुलिस पकड़ती, वे अंधेरे में गायब हो गए। पुलिस ने थाना हरोली के तहत टाहलीवाल में सात टिप्पर, एक ट्रैक्टर व दो पोकलेन मशीन, संतोषगढ़ पुलिस चौकी के तहत स्वां नदी में दो ट्रैक्टर, थाना गगरेट के तहत एक टिप्पर, थाना सदर के तहत बसाल में एक टिप्पर व एक ट्रैक्टर, पंडोगा पुलिस चौकी के तहत स्वां नदी में टिप्पर पकड़ा। इससे 16 दिन पहले यानी 12 व 13 अक्टूबर की रात भी एसपी अमित यादव के नेतृत्व में स्वां नदी में दबिश दी गई थी। अवैध खनन में जुटे 10 टिप्पर व दो वैकहो लोडर मशीन जब्त की थी।





