Home » Uncategorized » प्रदेश सरकार प्रभावितों के साथ, यथा सम्भव सहायता की जा रही प्रदान : संजय अवस्थी

प्रदेश सरकार प्रभावितों के साथ, यथा सम्भव सहायता की जा रही प्रदान : संजय अवस्थी

लाइव हिमाचल/सोलन: अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने स्थानीय प्रशासन को क्षेत्र में भारी वर्षा के कारण प्रभावितों हुए लोगों के लिए राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी रखने के निर्देश दिए। संजय अवस्थी आज अर्की में भारी वर्षा के कारण क्षेत्र में उत्पन्न स्थिति की आपदा प्रबंधन बैठक की समीक्षा कर रहे थे। संजय अवस्थी ने अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जरूरतमंद लोगों को यथा संभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्य में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से आपदा प्रभावित परिवारों से लगातार संपर्क में रहने, भोजन की व्यवस्था करने और सड़क बहाली कार्य को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़कों की बहाली कार्य में तेज़ी लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें यथा संभव सहायता प्रदान कर रही है। विधायक ने कहा की अर्की उपमंडल के अंतर्गत 82 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं जिनमें से 06 मकान पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त तथा 76 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारी वर्षा के कारण अर्की विधानसभा क्षेत्र में लगभग 60 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है तथा मकानों को लगभग 38 लाख का नुकसान हुआ है। इन आपदा प्रभावित परिवारों को फौरी राहत के रूप में 50,000 रुपए की राशि तथा 18 तरपाल वितरित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त अर्की उपमंडल के अंतर्गत 159 सड़कें आवागमन के लिए खुली हैं। शेष पांच सड़कों को भी आवागमन के लिए शीघ्र बहाल कर दिया जाएगा। संजय अवस्थी ने कहा कि आपदा के इस कठिन समय में आमजन की परेशानियों को दूर करने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा ताकि प्रभावितों का जीवन सामान्य हो सके।
उपमण्डलाधिकारी अर्की निशांत तोमर ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया। इस बैठक में नगर पंचायत अर्की के अध्यक्ष अनुज गुप्ता, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता सतीश कश्यप, तहसीलदार अर्की विपिन वर्मा, खण्ड चिकित्सा अधिकारी अर्की मुक्ता रस्तोगी, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता विवेक कटोच, प्रदेश विद्युत बोर्ड के अधिशाषी अभियन्ता संदीप कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता राजेश शर्मा, वन मण्डलाधिकारी कुनिहार राजकुमार, हिमाचल पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक एस.पी. राजपूत सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]