Home » Uncategorized » हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में भूस्खलन से बिगड़े हालात, सेना ने चार मरीजों को किया एयरलिफ्ट

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में भूस्खलन से बिगड़े हालात, सेना ने चार मरीजों को किया एयरलिफ्ट

Oplus_131072

Indian Army Airlifted Four Patients: हिमाचल प्रदेश का जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति इन दिनों भारी भूस्खलन की चपेट में है, जिसके कारण यह जिला कुल्लू से पूरी तरह कट गया है. मनाली-केलांग सड़क मार्ग पर कई जगहों पर भूस्खलन होने से सड़कें बंद हो गई हैं, जिसके चलते वाहनों की आवाजाही ठप है. इस आपदा के बीच, लाहौल में फंसे चार मरीजों को सेना के हेलिकॉप्टर की मदद से सुरक्षित निकाला है. इन मरीजों को भुंतर एयरपोर्ट लाया गया, जहां से एंबुलेंस के जरिए उन्हें कुल्लू के ढालपुर क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. वर्तमान में डॉक्टर इनका इलाज कर रहे हैं.

लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने बताया कि चार मरीजों को तत्काल चिकित्सा सहायता की जरूरत थी. इनमें पूर्ण चंद (27 वर्ष, रेला सैंज, कुल्लू), जो एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उन्हें तुरंत गहन चिकित्सा की आवश्यकता थी. सलग्रा के 19 वर्षीय आयुष क्रोनिक किडनी फेल्योर से पीड़ित थे और उन्हें तत्काल डायलिसिस की जरूरत थी. कारदंंगके 9 वर्षीय रेयांश कई दिनों से तेज बुखार और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे. कारदंग की ही 33 वर्षीय अलका गर्भवती थीं और उनकी गंभीर स्थिति के कारण विशेषज्ञ चिकित्सा की जरूरत थी. इन मरीजों की स्थिति को देखते हुए विधायक ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से चर्चा की. मुख्यमंत्री के निर्देश पर सेना ने दो हेलिकॉप्टर उपलब्ध कराए, जिनके जरिए मरीजों को सुरक्षित ढालपुर अस्पताल पहुंचाया गया.

बिजली और दूरसंचार सेवाएं ठप
लाहौल घाटी में भूस्खलन और बाढ़ के कारण बिजली और दूरसंचार सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं. विधायक अनुराधा राणा ने बताया कि कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद है, लेकिन प्रशासन और संबंधित विभाग मिलकर इसे बहाल करने में जुटे हैं. थिरोट पावर हाउस को बाढ़ से काफी नुकसान पहुंचा था, लेकिन विभाग की मेहनत से इसे ठीक कर लिया गया है. अब लाहौल के कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति शुरू हो चुकी है. बाकी क्षेत्रों में भी रोटेशन के आधार पर बिजली देने और क्षतिग्रस्त लाइनों को जल्द ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं. इसके अलावा, दूरसंचार कंपनियों को भी सेवाएं बहाल करने के लिए कहा गया है, ताकि लोगों को जल्द से जल्द संपर्क सुविधाएं मिल सकें। लाहौल-स्पीति में प्राकृतिक आपदा ने जनजीवन को काफी प्रभावित किया है, लेकिन प्रशासन और सेना के सहयोग से राहत कार्य तेजी से चल रहे हैं. विधायक ने बताया कि जल्द ही घाटी में बिजली और दूरसंचार सेवाएं पूरी तरह बहाल कर दी जाएंगी. साथ ही, सड़क मार्ग को भी खोलने के लिए युद्धस्तर पर काम चल रहा है. मरीजों के सफल रेस्क्यू से लोगों में राहत की उम्मीद जगी है, और प्रशासन हर संभव मदद के लिए तत्पर है।

Leave a Comment

[adsforwp id="47"]