सोलन : कसौली पुलिस को आठ साल से फरार चल रहे एक भगोड़े अपराधी को पकड़ने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना धर्मपुर में गठित पीओ सैल (Proclaimed Offender Cell) की टीम ने शुक्रवार, 8 अगस्त को भगौड़े अपराधियों की तलाश के दौरान आरोपी राकेश कुमार (55), पुत्र रोशन लाल, निवासी रोपड़ रोड, नालागढ़, जिला सोलन, को माजरी चौक, पंचकूला से गिरफ्तार किया। आरोपी पर पुलिस थाना धर्मपुर में मामला दर्ज है। यह मामला वर्ष 2017 में दर्ज एक पुराने सड़क हादसे से जुड़ा हुआ है। मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि 14 फरवरी 2017 को चंडीगढ़ निवासी पंकज शर्मा ने थाना धर्मपुर में शिकायत दर्ज करवाई थी कि जब वह अपनी पत्नी के साथ कसौली घूमकर मोटरसाइकिल से चंडीगढ़ लौट रहे थे, तो सनवारा के पास एक पीबी नंबर की टैक्सी ने तेज रफ्तारी और लापरवाही से गलत दिशा में आकर उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं। इस शिकायत पर थाना धर्मपुर में मामला था। जांच के दौरान राकेश कुमार को गिरफ्तार किया गया और बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य जुटाकर आरोपपत्र न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया था और मामला विचाराधीन था। हालांकि ट्रायल के दौरान आरोपी बार-बार न्यायालय के आदेशों के बावजूद पेश नहीं हुआ। इसके चलते माननीय न्यायालय ने उसे भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया। पुलिस की तलाश के बावजूद आरोपी अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार ठिकाना बदलता रहा। पीओ सैल की टीम ने लगातार निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार को उसे माजरी चौक, पंचकूला से दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां आगे की कार्यवाही जारी है। पुलिस अधिकारियों ने इसे टीम की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि फरार और भगोड़े अपराधियों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।





