Home » Uncategorized » Himachal Weather Update : अगले 4 दिनों तक जारी रहेगा हिमाचल में मानसून का तांडव…

Himachal Weather Update : अगले 4 दिनों तक जारी रहेगा हिमाचल में मानसून का तांडव…

लाइव हिमाचल/शिमला : हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है. राज्य के अधिकांश जिलों में बीती रात से जारी भारी वर्षा के चलते जगह-जगह भूस्खलन और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. लोगों की सुरक्षा को देखते हुए आज कई जिलों में स्कूल-कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है. मौसम विभाग ने 12 अगस्त तक राज्य के कई क्षेत्रों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. मौसम विभाग से प्राप्त सूचना के अनुसार राज्य में सक्रिय दक्षिण-पश्चिम मानसून और पश्चिमी विक्षोभ के संयुक्त प्रभाव के कारण कई ज़िलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में अधिकांश स्थानों जैसे मेहरे बर्सर, काँगड़ा, धर्मशाला, नाहन, कसौली, देहरा गोपीपुर, बिलासपुर सदर, बर्थिन, ऊना, अम्ब, गोहर, शिमला, काहू, सुजानपुर टिरा, अघार, नगरोटा सुरियाँ, धर्मपुर, भरेरी, मनाली, पालमपुर, नदौन इत्यादि पर हलकी से मध्यम बारिश व कुछ स्थानों जैसे भरवई, नालागढ़, नैना देवी, पछाड़, बीबीएमबी इत्यादि पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है.काँगड़ा, सुंदरनगर, पालमपुर और मुरारी देवी में गर्जन के साथ बिजली दर्ज की गयी है. राज्य में अधिकतम तापमान बिलासपुर में 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान कल्पा में 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. प्रदेश में लगातार हो रही बारिश की वजह से प्रदेश के कुछ हिस्सों में अवकाश घोषित किया गया है. बारिश का ज्यादा असर सोलन, शिमला, मंडी, कुल्लू और सिरमौर जिलों में देखा गया है. सिरमौर और सोलन जिलों के सभी शिक्षण संस्थानों व आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं.वहीं शिमला जिले के ठियोग, चौपाल, रामपुर, सुन्नी, जुब्बल, डोडरा क्वार और कुमारसेन, कुल्लू के आनी और निरमंड तथा मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल में भी आज शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है। लगातार बारिश से प्रदेश में कई सड़कें और नेशनल हाईवे बंद हो गए हैं. राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार बुधवार सुबह तक प्रदेश में चार नेशनल हाईवे और 613 सड़कें भूस्खलन के कारण बंद हो गई हैं. इनमें मंडी जिले में सबसे ज्यादा 375 सड़कें बाधित हैं.इसके अलावा कुल्लू में 89, सिरमौर में 38, सोलन में 29, कांगड़ा में 23, शिमला में 22 और चंबा में 18 सड़कें अवरुद्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]