Home » ताजा खबरें » सोलन की प्रेमा ठाकुर ने बुल्गारिया में जीता गोल्ड, हिमाचल का नाम किया रोशन…

सोलन की प्रेमा ठाकुर ने बुल्गारिया में जीता गोल्ड, हिमाचल का नाम किया रोशन…

लाइव हिमाचल/सोलन: जिला सोलन की रहने वाली कूड़ो खिलाड़ी प्रेमा ठाकुर ने बुल्गारिया के वर्गीस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कूड़ो चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। अंडर-16 वर्ग में प्रेमा ने गोल्ड मेडल जीतकर भारत का परचम लहराया। प्रतियोगिता में प्रेमा ने पहले मुकाबले में अमेरिका की खिलाड़ी को मात दी, फिर फ्रांस को हराया और फाइनल में मेज़बान बुल्गारिया को शिकस्त देकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस चैंपियनशिप में सोलन से कुल तीन खिलाड़ी शामिल हुए थे। प्रेमा के साथ प्रिया कुमारी थापा ने सीनियर गर्ल्स कैटेगरी में सिल्वर मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं, पियूष जसवाल ने भी बेहतर प्रदर्शन किया और सबका ध्यान खींचा। हिमाचल कूड़ो एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि कूड़ो खेल में युवाओं के लिए करियर की अपार संभावनाएं हैं और इससे नौकरी के अवसर भी मिलते हैं। उधर सोलन लौटने पर प्रेमा ठाकुर और अन्य खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। शहरवासियों ने डोल-नगाड़ों के साथ खिलाड़ियों का अभिनंदन किया। इस मौके पर प्रेमा ठाकुर ने अपनी जीत का श्रेय अपनी मां और कोच को दिया। प्रदेश भर में प्रेमा ठाकुर की इस उपलब्धि पर खुशी की लहर है और लोग उन्हें बधाइयां दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]