Home » ताजा खबरें » हिमाचल बीजेपी अध्यक्ष पद पर फिर कमान संभालेंगे डॉ. राजीव बिंदल

हिमाचल बीजेपी अध्यक्ष पद पर फिर कमान संभालेंगे डॉ. राजीव बिंदल

लाइव हिमाचल/सोलन: डॉ राजीव बिंदल तीसरी बार हिमाचल भाजपा के अध्यक्ष बन गए हैं. केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने शिमला के पीटरहॉफ में आधिकारिक घोषणा की. इससे पहले भी राजीव बिंदल अध्यक्ष थे. वे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के करीबी माने जाते हैं. बीते दिन अध्यक्ष पद के लिए एक ही नामांकन भरा गया था। राजधानी शिमला के चक्कर स्थित सोमवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय दीपकमल में डॉ. बिंदल का इकलौता नामांकन पत्र ही दाखिल हुआ। नेता विपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर व पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर की ओर से तीन अलग-अलग सेट देकर डॉ. बिंदल के नाम का अध्यक्ष पद के लिए प्रस्ताव रखा गया। अब आज मंगलवार सुबह 11 बजे होटल पीटरहॉफ में डॉ. बिंदल को अध्यक्ष बनाने की केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह विधिवत घोषणा की। इनके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय परिषद के सदस्य पद के लिए भी आठ नेताओं का चयन कर लिया गया है। सदस्य के आठ पदों के लिए भी आठ नामांकन ही हुए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चुनाव प्रक्रिया के तहत दीपकमल चक्कर में नामांकन प्रक्रिया दोपहर 12:00 बजे से दो बजे तक चली। नामांकन प्रक्रिया के दौरान चुनाव अधिकारी डॉ राजीव भारद्वाज के अलावा पर्यवेक्षक के रूप में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह उपस्थित रहे। भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा एवं सह प्रभारी संजय टंडन विशेष रूप में उपस्थित रहे। सह चुनाव अधिकारी के रूप में संजीव कटवाल एवं डॉ राजीव सहजल कार्यरत रहे। करीब साढ़े 12 बजे डॉ. बिंदल ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। चुनाव अधिकारी राजीव भारद्वाज ने बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के नामांकन के लिए डॉ. राजीव बिंदल के एक ही नाम के तीन सेट प्राप्त हुए। नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने विधायक दल की ओर से, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने समस्त लोकसभा और राज्यसभा के सांसदों एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्षों की ओर से तथा पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर ने भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की ओर से डॉ. बिंदल के नाम का अनुमोदन किया। डॉ. राजीव भारद्वाज ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद अनुराग ठाकुर, सुरेश कश्यप, कंगना रनौत, राजीव भारद्वाज, इंदु गोस्वामी, डॉ सिकंदर कुमार और हर्ष महाजन राष्ट्रीय परिषद के पदेन सदस्य निर्वाचित किए गए हैं। राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के लिए पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर, महामंत्री बिहारी लाल शर्मा, महामंत्री त्रिलोक कपूर, पवन काजल, रश्मिधर सूद, पायल वैद्य, डॉ. राजीव सहजल एवं संजीव कटवाल का चयन किया गया। आठ पदों के लिए इन आठ ने ही नामांकन किया।

Leave a Comment