Himachal Pradesh Weather: हिमाचल प्रदेश में मानसून के आगमन की उलटी गिनती शुरू हो गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में आगामी दो से तीन दिनों में मानसून दस्तक दे सकता है। सामान्यतः प्रदेश में मानसून 25 जून के आसपास प्रवेश करता है और इस बार मानसून के निर्धारित समय से थोड़ा पहले पहुंचने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 21 जून से लेकर 25 जून तक राज्य में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। इसके लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग द्वारा गुरूवार को जारी सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार 19 जून और 20 जून को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है और इन दो दिनों में बारिश को लेकर किसी भी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। 19 जून को आसमान में छिटपुट बादल रहेंगे जबकि 20 जून को मौसम कुछ अधिक बदला हुआ नजर आएगा और बादल पूरी तरह से छाए रह सकते हैं। हालांकि इन दोनों दिनों में भारी बारिश की कोई आशंका नहीं जताई गई है। 21 जून से मौसम में बड़ा बदलाव आने के संकेत मिल रहे हैं। इस दिन से प्रदेश में कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि 21 जून को राज्य के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है, जिसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। 22 जून को बारिश और अधिक तेज होने की संभावना है और इस दिन कई इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। इस दिन के लिए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है जो यह दर्शाता है कि मौसम की स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है। 23 जून को भी स्थिति कमोबेश ऐसी ही बनी रहने की उम्मीद है। विभाग ने इस दिन भी राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 24 जून को फिर से भारी वर्षा की संभावना है और इस दिन येलो अलर्ट जारी किया गया है। 25 जून को भी विभाग ने भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की है और इस दिन के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है





