Home » ताजा खबरें » प्रवक्ता संघ का प्रतिनिधिमंडल डिप्टी डायरेक्टर से मिला, सौंपा मांगपत्र

प्रवक्ता संघ का प्रतिनिधिमंडल डिप्टी डायरेक्टर से मिला, सौंपा मांगपत्र

लाइव हिमाचल/सोलन :  हिमाचल प्रदेश प्रवक्ता संघ जिला सोलन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के अध्यक्ष जयलाल जलपाइक की अध्यक्षता में एक प्रतिनिधिमंडल अपनी मांगों को लेकर जिला उप शिक्षा निदेशक ( उच्च) गोपाल चौहान से मिला। संघ के महासचिव व महासचिव हेमंत शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर जिला उप शिक्षा निदेशक को नवनिर्वाचित कार्यकारिणी से अवगत कराया गया। जिला प्रवक्ता संघ ने उप शिक्षा निदेशक को शिक्षा विभाग और सरकार के लिए अपना मांग पत्र सौंपा। इस अवसर पर उप शिक्षा निदेशक ने मांग पत्र पर सहानुभूति पूर्वक विचार विमर्श किया। उन्होंने कहा कि वे इन सभी समस्याओं को विभाग के निदेशक एवं सरकार को भेजेंगे।

ये हैं प्रवक्ता संघ की प्रमुख मांगें

सीधी भर्ती का पदोन्नति कोटा 50 फीसदी से बढ़ाकर संख्या बल के आधार पर 80फीसदी करना। इस समय शिक्षा विभाग में 18000 प्रवक्ता 2010 के बाद पदोन्नति वाले प्रवक्ताओं सहित एक पद एक कैडर के तहत पदोन्नति में आते हैं और इस तरह से पदोन्नत हेडमास्टर कैडर की संख्या कुल 800 से 900के बीच रह गई है।
– प्रवक्ता से प्रधानाचार्य पदोन्नति की सूची जल्दी से जल्दी जारी की जाए ताकि एक ही पद पर रिटायर होने वाले प्रवक्ताओं को समय पर पदोन्नति मिल सकें।
– डीए की बकाया किश्तों को शीघ्रातिशीघ्र जारी किया जाए ताकि कर्मचारियों को उनका हक मिल सके।
– कर्मचारियों को तीन-तीन बार सुबह सुबह हाजिरी लगाने के लिए बाध्य किया जा रहा है उसे बंद करके कोई भी एक तरीका रखा जाए जिससे किसी प्रकार की समस्या न हो सके।
– जमा एक व जमा दो की कक्षा का सिलेबस पहले से ही इकाइयों में विभक्त है और विषयवस्तु के आधार पर बंटा हुआ है अत: प्रवक्ताओं को शिक्षक पंजिका के लिए बाध्य नहीं किया जाए।
– शिक्षकों को एक ही तरह की वर्दी की बात पूरी तरह से बेमानी है क्योंकि शिक्षा कोड में पहले से ही अच्छे और सुसज्जित कपड़े पहनने की बात यानि फार्मल ड्रेस की बात कही गई है। वर्दी को जबरदस्ती थोपा नहीं जाना चाहिए।
– कम्प्यूटर पढ़ रहे विधार्थियों को भी अन्य वोकेशनल विषयों की तरह फीस में छूट दी जानी चाहिए। क्योंकि अन्य वोकेशनल विषयों में विद्यार्थियों को उल्टी राशि दी जाती है और कम्प्यूटर के विद्यार्थियों से फीस ली जाती है जिसकी वजह से बहुत से विद्यार्थी पैसे के अभाव में कम्प्यूटर शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। इनमें से कुछ मांगों पर जिला उप शिक्षा निदेशक ने अपने स्तर पर ही सकारात्मक रुख दिखलाया।
प्रतिनिधिमंडल में संघ के मुख्य सलाहकार चंद्र देव ठाकुर, सलाहकार कमलेश कुमार शर्मा, विनोद कुमार चौहान, सुशील कुमार शर्मा तथा संदीप चंदेल भी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]