Home » ताजा खबरें » श्रीनगर से 39 हिमाचली छात्रों की सुरक्षित वापसी, एचआरटीसी की विशेष बस में पहुंचे कांगड़ा…

श्रीनगर से 39 हिमाचली छात्रों की सुरक्षित वापसी, एचआरटीसी की विशेष बस में पहुंचे कांगड़ा…

लाइव हिमाचल/शिमला : भारत व पाक के बीच चल रहे तनाव के बीच श्रीनगर में पढ़ाई कर रहे 40 विद्यार्थी रविवार को सकुशल वापस अपने घरों को लौट आए हैं। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की बस में इन विद्यार्थियों को वापस लाया गया। राज्य सरकार ने इन बच्चों को वापस लाने के लिए एचआरटीसी बस को जम्मू भेजा था। रविवार दोपहर को यह बस बच्चों को लेकर वापस कांगड़ा पहुंची। कांगड़ा में एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा व अन्य अधिकारियों ने इन बच्चों का स्वागत किया। बच्चों के लिए यहां पर भोजन की व्यवस्था की गई थी। उसके बाद उन्हें वापस घरों को भेजा गया। अजय वर्मा बीते दिन पठानकोट खुद गए थे। जम्मू के लिए रवाना की गई बस के चालक परिचालक का हौंसला बढ़ाया था। हिमाचल प्रदेश सरकार और एचआरटीसी ने छात्रों के ठहरने के दौरान उनके लिए उचित भोजन और आवास की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए जम्मू और कश्मीर प्रशासन के साथ मिलकर काम किया। रात भर आराम करने के बाद एचआरटीसी की विशेष बस छात्रों को वापस कांगड़ा बस स्टैंड लेकर आई, जहां वे 10 मई को दोपहर करीब 2:00 बजे सुरक्षित पहुंच गए। उसके बाद छात्र अपने-अपने घरों को चले गए। एचआरटीसी जम्मू-कश्मीर प्रशासन को हर कदम पर सहयोग देने के लिए दिल से धन्यवाद देता है, जिससे छात्रों की हिमाचल प्रदेश में सुरक्षित और सफल वापसी सुनिश्चित हुई। एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि 9 मई की सुबह सरकार को सूचना मिली कि श्रीनगर कृषि विश्वविद्यालय और अन्य संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र भारत पाक के बीच चल रहे तनाव के कारण फंसे हुए हैं। हिमाचल पथ परिवहन निगम को तुरंत उनकी सुरक्षित वापसी की जिम्मेदारी सरकार ने सौंपी। भारत और पाक के बीच तनाव की स्थिति को देखते हुए जम्मू-पठानकोट-अमृतसर मार्ग पर एचआरटीसी ने रात्रि सेवाओं को अभी बहाल नहीं किया है। पठानकोट से जसूर के लिए निगम प्रबंधन ने शटल बस सेवा शुरू की है ताकी उन्हें यातायात संबंधी कोई दिक्कत पेश न आए। लोगों को सलाह दी जा रही है कि वह रात की अपेक्षा दिन में सफर करे। स्थिति पूरी तरह से सामान्य होने पर दोबारा इन रूटों पर बसों को चलाया जाएगा। अमृतसर, जम्मू, कटरा और पठानकोट के लिए पथ परिवहन निगम लगातार बस रूटों की समीक्षा कर रहा है। उसी आधार पर बसों का चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *