Home » ताजा खबरें » Himachal Weather: हिमाचल के अधिकांश क्षेत्रों में आज और कल भी बारिश, ओलावृष्टि और अंधड़ का येलो अलर्ट…

Himachal Weather: हिमाचल के अधिकांश क्षेत्रों में आज और कल भी बारिश, ओलावृष्टि और अंधड़ का येलो अलर्ट…

लाइव हिमाचल/शिमला: हिमाचल प्रदेश में खराब चल रहे मौसम के बीच शुक्रवार को रोहतांग, धौलाधार की चोटियों पर बर्फबारी हुई। राजधानी शिमला में शाम के समय बादल झमाझम बरसे। हिमाचल के अधिकांश क्षेत्रों में शनिवार और रविवार को भी बारिश, ओलावृष्टि और अंधड़ का येलो अलर्ट जारी हुआ है। 11 मई तक प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। 12 मई से धूप खिलने की संभावना है। मौसम में आए बदलाव से प्रदेश के अधिकतम तापमान में भी पांच से छह डिग्री तक कमी दर्ज हुई है। वीरवार रात को कुल्लू में रातभर बारिश का दौर जारी रहा। शुक्रवार सुबह रोहतांग सहित लाहौल की चोटियों में पांच से दस सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई। धौलाधार की पहाड़ियों पर भी हल्की बर्फबारी हुई। मंडी, चंबा, कांगड़ा, हमीरपुर और ऊना में शुक्रवार सुबह बारिश हुई। बारिश से कांगड़ा और मंडी में गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है। दोपहर के समय हल्की धूप खिली रही। बर्फबारी से रोहतांग व कुंजम दर्रा बहाली का काम प्रभावित हो रहा है। शुक्रवार शाम को शिमला में भी झमाझम बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कई भागों में अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है। इसके बाद अगले 2-3 दिनों के दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। वीरवार रात को शिमला में न्यूनतम तापमान 14.6, सुंदरनगर में 18.2, भुंतर में 16.1, कल्पा में 9.3, धर्मशाला में 17.6, ऊना में 15.7, नाहन में 17.9, केलांग में 6.2, मनाली में 12.3, कांगड़ा में 19.6, मंडी में 19.6, बिलासपुर में 20.2, हमीरपुर में 19.3, चंबा में 16.8, डलहाैजी में 13.8, कुकुमसेरी में 6.1, भरमाैर में 11.6, रिकांगपिओ में 12.9, धाैलाकुआं में 21.9 और पांवटा साहिब में 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *