Home » ताजा खबरें » स्वास्थ्य मंत्री शांडिल ने 50 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले सामुदायिक भवन की रखी आधारशिला

स्वास्थ्य मंत्री शांडिल ने 50 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले सामुदायिक भवन की रखी आधारशिला

. सनातन संस्कृति का संवर्धन करना हम सभी का उत्तरदायित्व – डॉ. शांडिल

लाइव हिमाचल/सोलन: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि हमें सदैव अपनी सनातन संस्कृति का संवर्धन करने के लिए प्रयासरत रहना चाहिए। डॉ. शांडिल आज चम्बाघाट स्थित दुर्गा माता मंदिर के समीप 50 लाख रुपए से निर्मित होने वाले सामुदायिक भवन की आधारशिला रखने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे। स्वास्थ्य मंत्री ने इससे पूर्व दुर्गा माता मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुखी व समृद्ध जीवन की कामना की।

डॉ. शांडिल ने कहा कि हम सभी को सनातन धर्म की जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि युवा पीढ़ी को सनातन धर्म व संस्कृति की जानकारी दें ताकि प्राचीन संस्कृति जीवित रहे। उन्होंने कहा कि इस दिशा में मातृ शक्ति महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे की ओर जाने से रोकने के लिए प्रदेश सरकार यथा सम्भव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध सरकार के प्रयासों को सफल बनाने के लिए समाज का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने में अभिभावकों को अपनी भूमिका का निर्वहन करना होगा। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया युवाओं की गतिविधियों व उनके स्वभाव पर नज़र रखें ताकि बच्चे नशे की ओर न जाएं। डॉ. शांडिल ने अपने ऐच्छिक निधि से सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य के लिए पहली किश्त के रूप में 05 लाख रुपए देने की घोषणा की। इस अवसर पर जोगिन्द्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, ग्राम पंचायत नौणी के प्रधान मदन हिमाचली, नगर निगम सोलन की पार्षद संगीता ठाकुर, ईशा पराशर, मनोनीत पार्षद विजय ठाकुर, रजत थापा, रोगी कल्याण समिति के सदस्य विनीश धीर, पुनीत शर्मा, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता शिव कुमार, अंकुश सूद, लक्ष्मी दत्त, संधीरा दुल्टा, सक्षम शर्मा, उपमण्डलाधिकारी सोलन डॉ. पूनम बंसल, खण्ड चिकित्सा अधिकारी सायरी डॉ. अजय सिंह, दुर्गा माता मंदिर समिति के अध्यक्ष मनीष तोमर, सचिव लक्ष्मी ठाकुर, उपाध्यक्ष टी.डी. शर्मा सहित अन्य सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]