Home » ताजा खबरें » नाहन: विधानसभा उपाध्यक्ष बोले- मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण को लेकर सरकार गंभीर…

नाहन: विधानसभा उपाध्यक्ष बोले- मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण को लेकर सरकार गंभीर…

नाहन: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि प्रदेश सरकार मेडिकल कॉलेज भवन के निर्माण को लेकर गंभीरता से काम कर रही है। लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार ने नाहन स्थित डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज के भवन को किसी अन्य स्थान पर बनाने का फैसला लिया है।आज विनय कुमार ने मेडिकल कॉलेज का दौरा किया और वहां मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों का हालचाल भी जाना। विनय कुमार ने कहा कि मौजूदा समय में मेडिकल कॉलेज जिस स्थान पर स्थित है, वहां सड़क बेहद संकरी है, जिसके कारण मरीजों को पहुंचने में भारी परेशानी होती है। सरकार की मंशा है कि मेडिकल कॉलेज का एक विशाल कैंपस हो, जहां लोगों की आवाजाही आसान हो सके। उन्होंने बताया कि नई जगह पर भवन निर्माण का निर्णय इसलिए लिया गया है ताकि भविष्य में मरीजों को कोई दिक्कत न हो। उपाध्यक्ष ने यह भी कहा कि प्रस्तावित नई जगह से मरीजों को पीजीआई जैसे बड़े अस्पतालों में ले जाना भी आसान होगा। इससे मेडिकल कॉलेज में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इस दौरे के दौरान विनय कुमार ने रोटरी क्लब संगिनी नाहन द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में भी हिस्सा लिया और लोगों से रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा, “सरकार का लक्ष्य है कि स्वास्थ्य सुविधाएं सभी तक आसानी से पहुंचे। मेडिकल कॉलेज के नए कैंपस से न सिर्फ नाहन, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]