Home » ताजा खबरें » शिमला में 5 साल की मासूम से दुष्कर्म, पड़ोसी गिरफ्तार

शिमला में 5 साल की मासूम से दुष्कर्म, पड़ोसी गिरफ्तार

लाइव हिमाचल/शिमला : पिछले कुछ दिनों में शिमला में बच्चियों और महिलाओं के साथ होने वाले अपराध में बढ़ोतरी देखी गई है। हाल ही में शहर में 24 वर्षीय युवती के साथ उसके पड़ोसी द्वारा दुष्कर्म और ब्लैकमेल करने की घटना सामने आई थी। इसके अलावा अप्पर शिमला के जुब्बल थाना क्षेत्र में परिजनों ने उनकी 3 साल की नन्ही बच्ची के साथ भी दुष्कर्म का संदेह जताया था। बच्ची के पिता ने बच्ची के नाना पर दुष्कर्म का शक जताते हुए पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। अब ताज़ा मामला शिमला शहर में आया है जहां 5 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। शर्मसार करने वाली बात ये है कि पड़ोस में रहने वाले एक 19 वर्षीय युवक पर मासूम बच्ची से दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। इसे लेकर पीड़ित बच्ची की मां ने महिला पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि आरोपी ने उनकी बेटी को किसी बहाने से बुलाया और उसके साथ घिनौनी हरकत की। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64, 65(2) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया है। बच्ची का स्थानीय अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण किया जा रहा है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। चिकित्सा रिपोर्ट का इंतजार है। आरोपी पीड़िता का पड़ोसी है और उसकी उम्र करीब 19 वर्ष है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]