Home » ताजा खबरें » स्कूल फीस से जुड़ी है कोई परेशानी, यहां करें शिकायत…सीएम रेखा गुप्ता ने जारी किया हेल्पलाइन ईमेल

स्कूल फीस से जुड़ी है कोई परेशानी, यहां करें शिकायत…सीएम रेखा गुप्ता ने जारी किया हेल्पलाइन ईमेल

नेशनल डेस्क: भारत में शिक्षा की लागत लगातार बढ़ती जा रही है, जो खासकर बच्चों के माता-पिता के लिए एक बड़ी चिंता का कारण बन गया है। आजकल बच्चों की पढ़ाई चाहे वो प्राइमरी स्कूल हो या फिर हाई स्कूल और विश्वविद्यालय की डिग्री, सभी स्तरों पर फीस में भारी बढ़ोतरी हो रही है। इस बढ़ोतरी में सबसे बड़ा योगदान प्राइवेट स्कूलों का है, जिनकी फीस लगातार बढ़ रही है और अभिभावक इसके लिए मजबूर हो रहे हैं। खासकर दिल्ली जैसे बड़े शहरों में यह समस्या और भी विकराल होती जा रही है, जहां प्राइवेट स्कूल मनमाने तरीके से फीस वसूलते हैं। आपको बता दें कि अब इस समस्या के समाधान के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक पहल की है। उन्होंने फीस से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने के लिए एक हेल्पलाइन मेल आईडी ddeact1@gmail.com जारी किया है, जिससे दिल्ली के लोग अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। इस पहल की जानकारी खुद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दी। यह कदम यह सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है कि प्राइवेट स्कूलों द्वारा फीस में अनावश्यक बढ़ोतरी पर नियंत्रण पाया जा सके और अभिभावकों की परेशानियों का समाधान किया जा सके। वहीं अब इस मुद्दे को लेकर विपक्षी पार्टी आम आदमी पार्टी ने बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि दिल्ली में स्कूलों की फीस बढ़ोतरी के लिए प्राइवेट स्कूलों और सरकार की मिलीभगत है। विपक्ष की नेता और दिल्ली की पूर्व शिक्षा मंत्री आतिशी मार्लेना ने इस मामले पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को एक चिट्ठी लिखी। चिट्ठी में आतिशी ने यह आरोप लगाया कि दिल्ली में बेलगाम फीस बढ़ने के पीछे प्राइवेट स्कूलों और बीजेपी का गठजोड़ है। इसके साथ ही दिल्ली की पूर्व सीएम और विधानसभा में नेता विपक्ष आतिशी ने यह भी दावा किया कि भरत अरोड़ा, जो कि “एक्शन कमेटी फॉर प्राइवेट स्कूल्स” के चेयरमैन हैं, इस मामले के सूत्रधार हैं। उनका कहना था कि भरत अरोड़ा कई वर्षों से फीस बढ़ाने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं और वह बीजेपी के पदाधिकारी भी हैं। इसके अलावा, आतिशी ने यह आरोप भी लगाया कि भरत अरोड़ा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के चुनाव प्रचार में भी प्रमुख रूप से शामिल थे। इससे संबंधित, आतिशी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से तत्काल प्रभाव से बढ़ी हुई फीस रोकने की मांग की और साथ ही इस मामले में भरत अरोड़ा के अनुचित प्रभाव की जांच कराने की भी अपील की है। यह पूरी स्थिति दिल्ली में शिक्षा प्रणाली और फीस बढ़ोतरी को लेकर एक गंभीर सवाल खड़ा करती है, जहां प्राइवेट स्कूलों के मनमाने तरीके और सरकार की भूमिका पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]