Home » ताजा खबरें » हिमाचल के चंबा, लाहुल स्पीति, कुल्लू व किन्नौर में बारिश व हिमपात की चेतावनी, मनाली में 3.4 डिग्री गिरा तापमान

हिमाचल के चंबा, लाहुल स्पीति, कुल्लू व किन्नौर में बारिश व हिमपात की चेतावनी, मनाली में 3.4 डिग्री गिरा तापमान

शिमला। प्रदेश में बुधवार को बारालाचा, रोहतांग, कुंजुम सहित अटल टनल और सोलंगनाला में हिमपात हुआ है। शिमला सहित कई स्थानों पर बादल छाए रहे। सुंदरनगर में दो मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। अटल टनल के दोनों ओर फोर बाय फोर वाहनों की आवाजाही जारी है।

चंबा, लाहुल स्पीति, कुल्लू व किन्नौर में बारिश और हिमपात

मौसम विभाग ने वीरवार को चंबा, लाहुल स्पीति, कुल्लू व किन्नौर में वर्षा व हिमपात की चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन की आशंका भी जताई है। लोगों को एहतियात बरतने के लिए कहा गया है। प्रदेश में निचले क्षेत्रों में अधिकतर स्थानों पर मौसम के साफ रहने का अनुमान है। हिमपात और बादलों के बीच अधिकतम तापमान में एक से चार डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश में मनाली में सबसे अधिक 3.4 डिग्री की गिरावट आई है, जबकि न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। लाहुल स्पीति जिले की स्पीति घाटी के मुद गांव के समीप बुधवार को दो लोग हिमस्खलन की चपेट में आ गए थे। ग्रामीणों ने उन्हें सुरक्षित निकाल लिया था। ग्रामीण मुद गांव में पेयजल समस्या के समाधान के लिए मुख्य स्रोत तक गए थे। इस दौरान अचानक हिमस्खलन हो गया। दो लोग इसकी चपेट में आ गए। 15 मिनट तक दोनों लोगों का कुछ पता नहीं चला। ग्रामीणों ने उनकी तलाश जारी रखी। कुछ देर बाद ग्रामीणों को बर्फ में दबे लोगों की आवाज सुनाई दी। ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए बर्फ को हटाया। लगभग पांच फीट बर्फ हटाने के बाद दोनों को सुरक्षित निकाल लिया। मुद गांव के नंबरदार छेवांग ने बताया कि हिमस्खलन की चपेट में दो लोगों का बचना चमत्कार से कम नहीं है। गांववासी पेयजल समस्या से जूझ रहे थे। गांव की सभी टंकियां टूट गई थी। ग्रामीण मंगलवार को मुख्य स्रोत तक पहुंच तो गए, लेकिन वहां अनहोनी हो गई। भगवान की कृपा से दोनों सुरक्षित मिल गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *