लाइव हिमाचल/शिमला : हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में अब सभी टीचर्स ड्रैस कोड में नजर आएंगे. काफी समय से इस मामले को लेकर मंथन चल रहा था और अब सरकार की ओर से ड्रेस कोड लागू करने की तैयारी है. हिमाचल प्रदेश के शिक्षा सचिव राकेश कंवर ने सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के लिए ड्रेस कोड लागू करने के लिए सभी जिलों के उप शिक्षा निदेशकों को पत्र लिखा था. अब हमीरपुर जिले में इस पत्र के आधार पर शिक्षकों के लिए ड्रेस कोड के आदेश जारी किए गए हैं. इसमें कहा गया है कि पुरुष शिक्षकों के लिए फॉर्मल ड्रेस यानी पैंट-शर्ट और महिला शिक्षकों के लिए साड़ी या साधारण सूट-सलवार ड्रेस कोड होगा. दरअसल, देश के कई राज्यों में सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के लिए ड्रेस कोड पहले से ही लागू है. इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने भी यह फैसला लिया है. हाल ही में 6 फरवरी को शिक्षा सचिव की उप निदेशकों के साथ हुई बैठक में इस पर चर्चा हुई थी, जिसके बाद ये आदेश जारी किया गया है. सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के लिए ड्रेस कोड का मामला, मामले पर News 18 से शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि पूरे प्रदेश में ड्रेस कोड लागू होगा और जिलों में अपने अपने हिसाब से परिधान जिला अधिकारी तय करेंगे. इससे समाज में अच्छा संदेश जाएगा। शिक्षा सचिव ने पत्र में कहा कि शिक्षक अपने बच्चों के लिए रोल मॉडल होते हैं, इसलिए उन्हें अपने व्यवहार का विशेष ध्यान रखना चाहिए. उनका पहनावा और बोलचाल बच्चों को प्रभावित करता है. सरकारी स्कूलों के प्रधानाचार्यों ने पिछले वर्ष भी सरकार से शिक्षकों के लिए ड्रेस कोड लागू करने का आग्रह किया था. विभाग ने शिक्षकों के लिए स्वैच्छिक ड्रेस कोड लागू करने के लिए उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा से प्रस्ताव मांगा था. अब इस पर कार्य शुरू हो चुका है. वहीं हमीरपुर जिले में शिक्षा उपनिदेशक सेकेंडरी मोहित चौहान ने स्कूलों को निर्देश जारी किए हैं. हमीरपुर जिले के सभी सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के प्रिंसिपल और हाई स्कूलों के हेडमास्टर को नोटिफिकेशन भेजी गई है. इस नोटिफिकेशन में अपने-अपने स्कूलों में सुविधा अनुसार ड्रेस कोड लागू करने के निर्देश दिए गए हैं. शिक्षा उपनिदेशक ने इन निर्देशों पर जल्द से जल्द अमल करने का आग्रह किया है. शिक्षा सचिव द्वारा जारी नोटिफिकेशन के बाद, हमीरपुर शिक्षा उपनिदेशक ने भी निर्देश जारी किए हैं।





