शिमला: एक लाख बीस हजार रुपये देकर एक महीने पहले मैंने होटल एप्पल ब्लॉसम फागू में शादी की बुकिंग की थी। मेरी शादी के कार्ड बंट चुके हैं, समारोह स्थल पर होटल का नाम छपा है। होटल बंद करने के आदेशों के बाद अब नई समस्या खड़ी हो गई है। चौपाल के रहने वाले रिशु भंडारी ने कुछ इस तरह अपनी परेशानी अमर उजाला से साझा की। रिशु ने बताया कि वह पेशे से बागवान हैं, बिजनेस भी करते हैं। 9 दिन बाद 4 और 5 दिसंबर को उनकी शादी है। कैटरिंग, डेकोरेशन, डीजे, बैंड बाजा, फोटो, वीडियोग्राफी सब तैयारियां पूरी हैं। एकाएक होटल बंद करने के आदेशों ने पूरे परिवार की परेशानी बढ़ा दी है। इन दिनों शादियों के इतने मुहूर्त हैं कि कोई दूसरा बैंक्वेट हॉल भी नहीं मिल रहा। जिन होटलों में शादियां हो रही हैं, उन्हें कुछ मोहलत दी जानी चाहिए। रिशु भंडारी की तरह उन लोगों की परेशानी बढ़ गई है, जिन्होंने पर्यटन विकास निगम के होटलों में शादियों की अग्रिम बुकिंग करवा रखी है। पर्यटन निगम के होटल एप्पल ब्लॉसम फागू, होटल गिरी गंगा खड़ापत्थर, होटल बाघल दाड़लाघाट सहित अन्य होटलों में शादी समारोहों की बुकिंग हो चुकी है।
पर्यटन निगम की ही करे दूसरी जगह का इंतजाम
जुब्बल के पूर्व सैनिक प्रमोद मिस्टा ने 8 मई को बेटी की शादी के लिए खड़ापत्थर के होटल गिरिगंगा में बुकिंग करवाई है। एडवांस पेमेंट भी कर दी है। होटल बंद होने के आदेशों के बाद प्रमोद का कहना है कि अगर होटल बंद होना था तो बुकिंग नहीं ली जानी चाहिए थी। अब पर्यटन निगम ही शादी के लिए जगह का इंतजाम करे।





