Home » Uncategorized » सेब से भी महंगा… टमाटर जैसा दिखने वाला ये फल, किसान एक बार लगाएं, हर सीजन में लाखों कमाएं

सेब से भी महंगा… टमाटर जैसा दिखने वाला ये फल, किसान एक बार लगाएं, हर सीजन में लाखों कमाएं

कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के सेब दूर-दूर तक प्रसिद्ध हैं. यहां के अधिकतर किसान कृषि और बागवानी पर निर्भर हैं. अधिकतर इलाकों में सेब की फसल होती है. लेकिन, मौसम में आए बदलाव के कारण कुल्लू में इन दिनों बागवानों और किसानों द्वारा नकदी फसलों को लगाया जा रहा है. इससे अधिक मुनाफा भी हो रहा है. कुल्लू की लगघाटी के बागवान जापानी फल उगा रहे हैं. इस जापानी फल के बाजारों में सेब से भी बेहतर दाम मिल रहे हैं.

लगघाटी में युवा लगा रहे जापानी फल
लगघाटी के रहने वाले युवा बागवान संजीव ठाकुर ने बताया कि उनके गांव में ज्यादातर सभी लोग बागवानी और किसानी से जुड़े हैं. पहले सेब की फसल लगाई जाती थी, लेकिन बीते 8-9 सालों से मौसम में आए परिवर्तन और कम बारिश की वजह से सेब के चिलिंग आवर्स पूरे नहीं हो रहे थे. साथ ही सेब की फसल में बीमारियां लगने से मुनाफा कम होने लगा था. ऐसे में लग घाटी के 90% युवा अब जापानी फसल लगाने लगे हैं.

जापानी फल से रहा अच्छा मुनाफा
जापानी फल से बागवानों को अच्छा मुनाफा भी मिलने लगा है. बागवान संजीव ने बताया कि 3 साल के भीतर ही जापानी फल के पेड़ फल देने लगते हैं. ऐसे में इन कैश क्रॉप से बागवानों को अच्छा मुनाफा होने लगा है. यहां लग घाटी में युवाओं द्वारा खुद भी ड्राफ्टिंग कर जापानी के पेड़ तैयार किए जा रहे हैं. इस फसल से कम समय में बागवान ज्यादा मुनाफा कमा रहे हैं.

सब्जी मंडी में मिल रहे अच्छे दाम
जापानी फल लास्ट क्रॉप है यानी नवंबर के महीने में यह फसल मंडियों में आती है. ऐसे में इसके अच्छे दाम भी बाजारों में मिलने लगे हैं. उनका कहना है कि आजादपुर दिल्ली सब्जी मंडी में 150 से 200 रुपये प्रति किलो के हिसाब से इस फसल के दाम मिल रहे हैं. जबकि कुल्लू की भुंतर सब्जी मंडी में भी 125 से 140 रुपये तक जापानी फल का भाव चल रहा है.

जैविक तरीके से उगता है जापानी फल
सेब में जहां कई सारे स्प्रे, चिलिंग आवर्स का प्रोसेस और कई महीनों की मेहनत के बाद पेड़ से अच्छी फसल मिलती है. वहीं, जापानी फल में स्प्रे की जरूरत नहीं. ज्यादातर जैविक तरीके से यह फसल तैयार होती है. कहीं न कहीं इस फल को ऑर्गेनिक फलों की कैटिगरी में रखा जा सकता है, जो सेहत के लिए भी अच्छे हैं. बागवानों को कम लगता में अच्छा मुनाफा देने वाली इस फसल के कई स्वास्थ्य लाभ भी हैं.

सेहत का खज़ाना जापानी फल
जापानी फल जहां कई पोषक तत्वों से भरपूर है. इसमें न सिर्फ  विटामिन ए बल्कि नींबू से अधिक विटामिन c, विटामिन B1, विटामिन B2, मैग्नीशियम, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट की मात्रा भी भरपूर रहती है. माना जाता है कि इस फल से न सिर्फ रक्तचाप नियंत्रित रहता है, बल्कि हृदय रोग और कैंसर जैसी बीमारियों के लिए भी बेहतरीन फल है.

ऑनलाइन इतनी कीमत
बड़े शहरों में ऑनलाइन साइट्स पर जापानी फल खूब बिकता है. यहां ऑनलाइन साइट्स पर इसकी 400 से 500 रुपये प्रति किलो है. इतनी भरपूर गुणों से भरा यह जापानी फल देखने में तो टमाटर जैसा लगता है, लेकिन खाने में एक दम मीठा स्वाद देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *