कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को कर्नाटक सरकार की सार्वजनिक रूप से आलोचना की, जब उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने सुझाव दिया कि सरकार की एक महत्वपूर्ण गारंटी की समीक्षा की जाएगी। खड़गे ने चेतावनी दी कि अपनी क्षमता से अधिक न लें। उन्होंने कर्नाटक विवाद का हवाला देते हुए झारखंड और महाराष्ट्र जैसे चुनावी राज्यों में कांग्रेस की अन्य इकाइयों को चुनावी वादों और राजकोषीय विवेक के बीच संतुलन बनाने की सलाह दी। खड़गे ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “आपने कर्नाटक में पांच गारंटी का वादा किया था। आपसे प्रेरित होकर हमने महाराष्ट्र में पांच गारंटी का वादा किया। आज आपने कहा कि आप उनमें से एक गारंटी को रद्द कर देंगे। ऐसा लगता है कि आप सभी अखबार नहीं पढ़ते हैं, लेकिन मैं पढ़ता हूं, इसलिए मैं आपको यह बता रहा हूं।” इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी मौजूद थे।कांग्रेस अध्यक्ष बुधवार को शिवकुमार की टिप्पणी का जिक्र कर रहे थे जिसमें उन्होंने कहा था कि राज्य सरकार ‘शक्ति’ योजना पर फिर से विचार करेगी – जो सरकार की पांच गारंटियों में से एक है – जिसके तहत गैर-लक्जरी सरकारी बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाती है। महाराष्ट्र-झारखंड में चुनावी घोषणा पत्र आने से ठीक पहले कांग्रेस खुद अपने आप को कई सवालों के कठघरे में खड़ा कर चुकी है. क्या कांग्रेस जितना बजट होता है उससे ज्यादा का वादा करके वोट मांगती है? क्या कांग्रेस चुनावी राज्यों में जिन वादों को गारंटी बताती है, उनकी खुद की गारंटी नहीं होती? क्या कांग्रेस ऐसे वादों पर वोट मांगती है, जिन्हें पूरा करना सरल ही नहीं होता? क्या कांग्रेस की गारंटी अधूरी ही रह जाती है? सवाल उठे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान की वजह से. जो उन्होंने कांग्रेस शासित कर्नाटक के मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम के बीच बैठकर दिया. राज्य के बजट के चादर जितना ही वादों का पैर पसारने की बात अब कांग्रेस करती क्यों दिखी? क्या हिमाचल में अधूरे रह गए वादों का असर हरियाणा चुनाव तक पड़ने की वजह से कांग्रेस के भीतर आत्मचिंतन शुरु हुआ है? यहां तक कि राहुल गांधी ने भी कहा कि हम बजट के आधार पर महाराष्ट्र में गारंटी की घोषणा करेंगे.
पीएम मोदी ने बोला था हमला
पहले राज्य की जेब देखेंगे, फिर वादे करेंगे. जैसे ही कांग्रेस के भीतर से खुद ये बात आई. प्रधानमंत्री ने लगातार प्रहार करते हए एक सीरीज में पोस्ट डालीं. जिसमें बताया कि कांग्रेस वादे पूरे ना करने को लेकर बेनकाब हो गई है. कांग्रेस जान गई है कि झूठे वादे करना आसान है, सही से लागू कराना कठिन या असंभव. हिमाचल, कर्नाटक, तेलंगाना में कांग्रेस की गारंटी अधूरी पड़ी है. पीएम मोदी ने कहा कि झूठे वादों की वजह से ही जनता ने कांग्रेस को हरियाणा में खारिज किया. कांग्रेस के लिए चौपट अर्थव्यवस्था और लूट को वोट है. खड़गे ने कहा, “मैंने महाराष्ट्र कांग्रेस के नेताओं को सलाह दी है कि वे पांच, छह, सात या आठ गारंटी के वादे न करें। इसके बजाय, ऐसे वादे करें जो आपके बजट के अनुरूप हों। बजट पर विचार किए बिना वादे करने से दिवालियापन हो सकता है; सड़कों पर रेत डालने के लिए भी पैसे नहीं होंगे। अगर यह सरकार विफल होती है, तो इसका असर आने वाली पीढ़ियों पर पड़ेगा। इससे बदनामी हो सकती है और सरकार को अगले दस सालों तक प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है।”कांग्रेस अध्यक्ष की फटकार पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि उपमुख्यमंत्री शिवकुमार ने केवल इतना कहा था कि सरकार इसकी समीक्षा करेगी। खड़गे ने जवाब दिया, “आपने जो कुछ भी कहा है, उससे उन्हें (भाजपा को) मौका मिल गया है।”शिववकुमार की ‘शक्ति’ योजना पर टिप्पणी को भुनाते हुए भाजपा ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस अपने शासित राज्यों – हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना – में बड़े-बड़े वादे कर रही है, जो वित्तीय रूप से संभव नहीं हैं और लोगों को बेवकूफ बना रही है। पार्टी ने राहुल गांधी और खड़गे से माफी मांगने की भी मांग की।





