पूर्व भाजपा नेता को भी बनाया प्रत्याशी
एनसीपी ने 25 अक्टूबर को अपनी दूसरी सूची घोषित की थी। एनसीपी की दूसरी सूची में इस्लामपुर से पूर्व भाजपा नेता निशिकांत पाटिल और तासगांव-कवठे महांकाल से संजयकाका रामचंद्र पाटिल को टिकट दिया गया। 20 नवंबर को महाराष्ट्र में एक चरण में सभी सीटों पर मतदान है। 23 नवंबर को रिजल्ट घोषित होंगे।
शिवसेना ने भी जारी की प्रत्याशियों की सूची
रविवार की रात कांग्रेस ने 14 प्रत्याशियों का एलान किया। वहीं शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) ने 20 प्रत्याशियों की घोषणा की। शिवसेना अभी तक 65 और कांग्रेस कुल 99 उम्मीदवारों का एलान कर चुकी है। 2014 महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में 122 सीटों पर जीत दर्ज कर भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। शिवसेना को 63 सीटों पर जीत मिली थी। कांग्रेस ने 42 सीटों पर कब्जा जमाया था। राष्ट्रवादी कांग्रेस (एनसीपी) के प्रत्याशियों ने 41 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
2019 विधानसभा चुनाव का हाल
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019 में भी भाजपा 105 सीटों पर जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। 56 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर शिवसेना रही। एनसीपी को 13 सीटों का फायदा हुआ। उसने कुल 54 सीटों पर जीत दर्ज की। कांग्रेस के खाते में 44 सीटें आई थीं। महाराष्ट्र में मुख्य मुकाबला महायुति और महाविकास अघाड़ी गठबंधन के बीच है। महायुति सत्तारूढ़ गठबंधन है। इसमें भाजपा, शिवसेना और अजित पवार की नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस (एनसीपी) शामिल है। वहीं महाविकास अघाड़ी विपक्षी गठबंधन है। इसमें मुख्यत: शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार) शामिल है।





