. 80,000 रुपये मासिक ठुकराए, निशुल्क परामर्श देंगे सेवानिवृत आईएएस अधिकारी तरुण श्रीधर
शिमला : हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार में रिटायर हुए कर्मचारियों को फिर से रोजगार दे रही है. कई अफसरों को तो डेढ़ लाख रुपये के करीब वेतन दिया जा रहा है. वहीं, बेरोजगार युवा नौकरी और भर्तियों की राह देख रहे हैं. इस बीच हिमाचल प्रदेश के पूर्व रिटायर अफसर तरुण श्रीधर ने नजीर पेश की है. दोबारा नौकरी करने ज्वाइन करने वाले रिटायर कर्मचारियों को तरुण श्रीधर से सीख लेनी चाहिए. दरअसल, हिमाचल प्रदेश में टूरिज्म विभाग के 35 होटल घाटे में चल रहे हैं. टूरिज्म विभाग के ये होटल प्रदेश भर में बेहतरीन लोकेशन्स पर हैं, लेकिन फिर भी घाटे में हैं. ऐसे में सरकार ने टूरिज्म विभाग को घाटे से निकालने के लिए एक कमेटी बनाई है और इस कमेटी का चैयरमेन रिटायर्ड आईएएस अफसर तरुण श्रीधर को बनाया है. उन्हें 80 हजार रुपये महीना सैलरी भी ऑफर की गई थी. लेकिन उन्होंने सैलरी लेने से इंकार करते हुए फ्री में अपनी सेवाएं देने के लिए हामी भरी है. ऐसे में अब उनकी हर तरफ सराहना हो रही है. हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार ने हाल ही में मुख्य सचिव के पद से रिटायर हुए अफसर राम सुभाग को दो साल का एक्शटेंशन दिया था. उन्हें सरकार डेढ़ लाख रुपये सैलरी दी रही है. उन्हें लगातार दूसरी बार एक्सटेंशन मिला है. अहम बात है कि राजस्व विभाग में भी सरकार रिटायर पटवारियों और कानूनगो को दोबार नौकरी पर रख रही है और उन्हें 30 हजार रुपये महीने वेतन दिया जा रहा है. ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्यों सरकार इन बुजुर्ग लोगों को नौकरी पर रख रही है, जबकि इन्हें पेंशन भी मिल रही है. तरुण श्रीधर साल 2019 में रिटायर हुए थे. हिमाचल प्रदेश के अधिकारी तरुण श्रीधर 1984 बैच के अफसर हैं. वह साल 2005 से 2007 तक हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक रहे थे. इसके अलावा, डीसी मंडी सहित कई बड़े अहम पदों पर रह चुके हैं. उनके ताजा कदम से सोशल मीडिया में लोग जमकर उनकी तारीफ कर कर रहे हैं।





