



मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी-शिवा बदार सड़क मार्ग में आज सुबह एक बोलेरो कैंपर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शव को खाई से निकालकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। सूचना के अनुसार, आज सुबह पौने 10 बजे के करीब न्यूल के पास एक बोलेरो (HP 76-1130) करीब 100 मीटर खाई में लुढ़क गई। 9 बजकर 55 मिनट पर मंडी पुलिस को इसकी सूचना मिली। इसके बाद पुलिस कुछ ही देर में मौके पर पहुंची और जीप सवार व्यक्ति को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान गाड़ी चालक ठाकुर दास (32 ) पुत्र शरण सिंह के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि ठाकुर दास मंडी के सरोआ में सामान छोड़ कर वापस घर लौट रहा था। घर पहुंचने से चंद दूरी पर यह हादसा हो गया।
प्रधान बोली-बेहद मिलनसार था व्यक्ति
यह हादसा चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर सात मील से आगे मंडी-शिवा बदार सड़क पर हुआ। मैहणी पंचायत प्रधान रेशमा ठाकुर ने बताया कि युवक बेहद मिलनसार स्वभाव का था। इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही: SHO
SHO मंडी ने बताया कि पुलिस को सुबह के वक्त हादसे की सूचना मिली थी। इस हादसे में एक व्यक्ति की जान गई है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। जल्द शव परिजनों को सौंपा जाएगा। उन्होंने बताया कि हादसे के असल कारणों की अभी जानकारी नहीं है। पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है।