Home » ताजा खबरें » हिमाचल में JOA-IT 817 के अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी, जल्द घोषित होंगे परीक्षा के नतीजे…

हिमाचल में JOA-IT 817 के अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी, जल्द घोषित होंगे परीक्षा के नतीजे…

JOA-IT 817 Pending Result: हिमाचल प्रदेश में JOA-IT 817 के अभ्यर्थी 19 जुलाई से हमीरपुर में राज्य चयन आयोग के कार्यालय के बाहर क्रमिक अनशन कर रहे हैं. ये अनशन JOA-IT 817 के लंबित परीक्षा परिणाम घोषित करने को लेकर किया जा रहा है. इस बीच अब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का बयान सामने आया है. सीएम सुक्खू ने कहा है कि JOA-IT 817 का परीक्षा परिणाम जल्द घोषित होगा. राज्य सरकार ने इसकी मंजूरी दे दी है. इसका रिजल्ट तो घोषित होना ही है. अभ्यर्थियों के अनशन पर बैठने का इसका कोई असर नहीं है. बता दें कि इसी साल 14 मार्च को हिमाचल मंत्रिमंडल ने परीक्षा परिणाम घोषित करने की मंजूरी दी है.

अभ्यर्थियों ने किया मुख्यमंत्री के बयान का स्वागत

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के इस बयान का अभ्यर्थियों ने स्वागत किया है. राज्य चयन आयोग के बाहर क्रमिक अनशन पर बैठे अभ्यर्थियों ने कहा कि वो मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की इस बात के लिए उनका आभार व्यक्त करते हैं. उन्हें उम्मीद है की जल्द से जल्द रिजल्ट घोषित किया जाएगा. अभ्यर्थियों का कहना है कि मुख्यमंत्री तो चाहते हैं कि रिजल्ट घोषित किया जाए, लेकिन फिर राज्य चयन आयोग आखिर परिणाम घोषित क्यों नहीं कर रहा है. फिलहाल क्रमिक अनशन कर रहे सभी अभ्यर्थियों ने फैसला लिया है कि जब तक परीक्षा परिणाम नहीं आएंगे, तब तक इसी तरह राज्य चयन आयोग के कार्यालय के बाहर क्रमिक अनशन जारी रखेंगे.

JOA-IT 817 में कुल 1 हजार 867 पोस्ट

साल 2020 में सितंबर के महीने में JOA-IT 817 की भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी. साल 2021 में 21 मार्च के दिन लिखित परीक्षा हुई. कुल 2 लाख 17 हजार 403 अभ्यर्थियों ने इसका फॉर्म भरा और 1 लाख 73 हजार 810 बच्चों ने लिखित परीक्षा दी. इसके बाद करीब 19 हजार अभ्यर्थी टाइपिंग टेस्ट तक पहुंचे. टाइपिंग टेस्ट के बाद करीब 5 हजार 600 अभ्यर्थियों ने अपने डॉक्यूमेंट वेरीफाई करवा दिए हैं. JOA-IT 817 में कुल 1 हजार 867 पोस्ट हैं.

सुप्रीम कोर्ट से भी मिल चुके हैं आदेश

इस संबंध में 9 नवंबर, 2023 को सुप्रीम कोर्ट का भी जजमेंट आ चुका है. इस जजमेंट में सुप्रीम कोर्ट की डबल बेंच ने साल 2020 के नियमों के मुताबिक भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के आदेश दिए थे. सुप्रीम कोर्ट से लड़ाई जीतने और राज्य सरकार की ओर से मंजूरी मिल जाने के बाद भी अभ्यर्थियों का लंबित परीक्षा परिणाम घोषित ही नहीं हो रहा. अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक उनके परीक्षा परिणाम घोषित नहीं होंगे, वो इसी तरह यहां क्रमिक अनशन पर बैठे रहेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *