Home » Uncategorized » लापता हैड कांस्टेबल मामले में आया नया मोड़, पीड़ित पक्ष ने पुलिस कर्मी पर लगाए ये गंभीर आरोप….

लापता हैड कांस्टेबल मामले में आया नया मोड़, पीड़ित पक्ष ने पुलिस कर्मी पर लगाए ये गंभीर आरोप….

Oplus_131072

नाहन : सिरमौर जिला के कालाअम्ब पुलिस थाना में तैनात हैड कांस्टेबल जसवीर सैनी के मामले में शुक्रवार को उस समय एक ओर नया मोड़ सामने आया, जब पीड़ित पक्ष के लोगों ने नाहन पहुंचकर हैड कांस्टेबल जसवीर पर मामले में समझौता करने का दबाव बनाने और सही तरीके से मामले की जांच न करने के आरोप लगाए, साथ ही 8 जून का वह वीडियो भी मीडिया से शेयर किया, जिसमें पंजाब के शख्स देवनी सड़क पर स्थानीय निवासी अनिश के साथ बुरी तरह से लाठियों-डंडों से मारपीट कर रहे हैं। इस सिलसिले में पीड़ित पक्ष ने डीसी सिरमौर सुमित खिमटा को एक ज्ञापन सौंप कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पीड़ित पक्ष अनिश के चाचा तेजवीर सिंह ने बताया कि उनके भतीजे के साथ 8 जून को कालाअंब पुलिस थाना के अंतर्गत देवनी सड़क पर पंजाब के कुछ लोगों ने बुरी तरीके से मारपीट की। इसकी शिकायत पुलिस थाना कालाअंब में दर्ज करवाई गई थी, लेकिन मामले में उचित कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई और उलटा उन्हीं पर दबाव बनाया जा रहा है कि मामले में समझौता किया जाए। तेजवीर सिंह ने आरोप लगाया कि इस केस की जांच हैड कांस्टेबल जसवीर सैनी कर रहा था और अपने वायरल हो रहे वीडियो में कह रहा है कि उसे रातभर परेशान किया जाता है, जबकि इसके विपरीत कालाअंब बैरियर की सीसीटीवी फुटेज निकाली जाए तो पता चलेगा कि हैड कांस्टेबल जसवीर आदि उन्हें रात को डेढ़-दो बजे घर से उठाकर लेकर आते हैं और फिर केस में समझौता करने का दबाव बनाते हैं। तेजवीर ने कहा कि वह इस मामले में समझौता करने के लिए तैयार नहीं हुए और नतीजतन आज मारपीट के आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि उन्हें चोरों की तरह छिपना पड़ रहा है।

दूसरी तरफ मारपीट का शिकार हुए अनिश के पिता राजेश कुमार ने कहा कि पंजाब के कुछ लोगों ने उनके बेटे के साथ लाठियों और डंडों के साथ बुरी तरह से मारपीट की। आरोपियों की गाड़ी से लाठियां भी बरामद की गईं और आरोपियों को भी पकड़ा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि हैड कांस्टेबल जसवीर ने इस मामले में आरोपियों का मेडिकल भी नहीं करवाया, जबकि वह शराब के नशे में धुत्त थे। वहीं उनके मेडिकल में भी लापरवाही बरती गई। आरोपियों को बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ उनके बेटे को बुरी तरह से पीटा गया और ऊपर से कांस्टेबल मामले में समझौता करने का दबाव बनाता रहा। इसके साथ-साथ हैड कांस्टेबल पर धमकाने के भी आरोप लगाए। मारपीट में उनके सिर पर भी 5 टांके लगे हैं, जबकि हैड कांस्टेबल इसे भी नाॅर्मल चोट बताता रहा। वह चाहते हैं कि मामले में सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए। उधर, इस मामले में डीसी सिरमौर सुमित खिमटा ने दूसरे पक्ष की शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में जांच के लिए एएसपी सिरमौर को निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]